लखनऊ : हेल्थ प्वाइंट अस्पताल में हुये मरीज की मौत मामले में केजीएमयू के डॉक्टर रडार पर
लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी के ठाकुरगंज स्थित हेल्थ प्वाइंट अस्पताल में तीन दिन पहले इलाज के दौरान मरीज की मौत होने पर परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया था। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिन डॉक्टरों पर पीड़ित परिवार ने लापरवाही का आरोप लगाया था। उनमें से एक डॉक्टर केजीएमयू के बताये जा रहे हैं। जल्द ही इस मामले की जांच भी शुरू हो सकती है।
दरअसल, सरकारी संस्थानों में काम करने वाले चिकित्सकों के प्राइवेट प्रेक्टिस पर रोक है। उसके बाद भी राजधानी स्थित सरकारी संस्थानों के डॉक्टरों के ऊपर आये दिन निजी प्रेक्टिस करने के आरोप लगते रहते हैं, लेकिन इस बार हेल्थ प्वाइंट अस्पताल में इलाज के दौरान मरीज की मौत होने के मामले में जिन चिकित्सकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। उनमें से एक नाम केजीएमयू के चिकित्सक का बताया जा रहा है। पुलिस के अलावा इस मामले में स्वास्थ्य विभाग की टीम भी जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि इस मामले में जल्द ही केजीएमयू प्रशासन भी जांच के आदेश दे सकता है। साथ ही आरोपित चिकित्सक से स्पष्टीकरण मांग सकता है।
शनिवार शाम हेल्थ प्वाइंट अस्पताल में भर्ती मरीज राम खेलावन अवस्थी (59) की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। राम खेलावन अवस्थी के बेटे भारत अवस्थी ने अस्पताल और वहां के डॉक्टरों पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाये हैं। भारत अवस्थी की माने तो उनके पिता का शुगर लेवल कम होने के बाद भी अस्पताल के डॉक्टर उन्हें इंसुलिन दे रहे थे। इतना ही नहीं आईसीयू में उनके पिता भर्ती थे, उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी, साथ ही अस्पताल में 5 घंटे से बिजली नहीं थी। जिससे मरीज की समस्या और बढ़ती जा रही थी, लेकिन उनकी सुनने वाला कोई नहीं था। उन्होंने बताया था कि इंजेक्शन देने के बाद आरोपित शख्स वहां से भाग गया। इस पुरे मामले में मरीज की मौत होने के बाद परिजनों ने पुलिस से लिखित शिकायत की थी। जिसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा कर मामला दर्ज कर लिया था। इस मामले में डॉ. उत्तम के साथ एक अन्य चिकित्सक का नाम भी पुलिस ने एफआईआर में दर्ज किया है। जो किंगजार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में भी अपनी सेवायें देते हैं।
यह भी पढ़ें : UP Cabinet Meeting: योगी कैबिनेट की बैठक खत्म, 23 प्रस्ताव हुए पास
