UP Weather: यूपी में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, झमाझम बारिश से पारा धड़ाम
लखनऊ,अमृत विचार। मानसून की ट्रफ लाइन राजधानी लखनऊ से होकर गुजर रही है। जिसके कारण लखनऊ समेत पूरे यूपी में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार सुबह से ही मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया है। सुबह से ही लखनऊ समेत प्रदेश के अधिकांश शहरों में झमाझम बारिश हो रही है। इसके साथ तापमान में अप्रत्याशित गिरावट हुई है।
आंचलिक विज्ञान केंद्र के क्षेत्रीय निदेशक मो. दानिश ने बताया कि ताजा मौसम रिपोर्ट के अनुसार मानसून ट्रफ लाइन पंजाब के अमृतसर व करनाल से उत्तर प्रदेश के लखनऊ व मेरठ से बिहार के गया व मालदा होकर पूर्व की ओर असम होते हुए नागालैंड तक औसत समुद्र तल तक मौजूद है।
वहीं सेंट्रल मध्य प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन की स्थिति बनी है। जिसके कारण उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड समेत उत्तर-पश्चिमी भारत के कई हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है।
29 मिमी बारिश से जमकर भीगी राजधानी
राजधानी लखनऊ में सोमवार से ही बादलों की आवाजाही शुरू हो चुकी थी। इधर मंगलवार को सुबह से ही हल्के व मध्यम दर्जे की बारिश व लगातार बूंदाबांदी जारी है। लगातार घने बादल छाये रहने के कारण मंगलवार को शहर में धूप के दर्शन तक दुर्लभ रहे। कुल 29 मिलीमीटर बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई है।
उमस - गर्मी से निजात
मंगलवार को मौसम में हुए अचानक बदलाव और लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के तापमान में अप्रत्याशित गिरावट दर्ज हुई है। शहर का अधिकतम तापमान एकमुश्त 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 30 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे आ गया है। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री की गिरावट के साथ 26.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
25 तक बारिश के आसार, और और दिखेगी रफ्तार, 26 से लगेगा ब्रेक
मो. दानिश ने बताया कि पूर्वानुमान रिपोर्ट की मानें तो प्रदेश में 25 अगस्त तक मौसम यथावत बना रहेगा। दिन भर बादल छाये रहने और बिजली कड़कने के साथ-साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। वहीं 24 अगस्त तक लखनऊ समेत उत्तरी यूपी में कुछ जगहों पर बेहद भारी बारिश देखने को मिलेगी। पूर्वानुमान रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को अपेक्षाकृत और अधिक तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं 26 अगस्त से बारिश थमने का अंदेशा जताया गया है, हालांकि बादलों की आवाजाही लगी रहेगी।
आगामी 6 दिनों में शहर में संभावित मौसम :-
दिनांक – अधिकतम तापमान – न्यूनतम तापमान – संभावित मौसम
23 अगस्त – 31.0 – 26.0 – अधिकांशत: घने बादल व दिन में कई बार बारिश
24 अगस्त – 31.0 – 27.0 - अधिकांशत: घने बादल व दिन में कई बार बारिश
25 अगस्त – 32.0 – 27.0 – आंशिक बादल व दिन में एक से दो बार छिटपुट बारिश
26 अगस्त – 34.0 – 27.0 – आंशिक बादल
27 अगस्त – 35.0 – 27.0 - आंशिक बादल
28 अगस्त – 35.0 – 27.0 - आंशिक बादल।
ये भी पढ़ें:- लखनऊ : NHM संघ प्रतिनिधि मण्डल ने मिशन निदेशक से की मुलाकात, संविदाकर्मियों की गिनाई समस्या
