बरेली: स्नातक में प्रवेश के लिए लगाए ईडब्ल्यूएस के फर्जी प्रमाणपत्र
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए छात्रों ने ईडब्ल्यूएस के फर्जी प्रमाण पत्र लगा दिए। प्रवेश समिति ने ऐसे तीन संदिग्ध प्रमाण पत्र पकड़े हैं। आवेदन करने वाले छात्रों के प्रवेश रोक दिए गए हैं और उनसे प्रमाणपत्र की मूल कॉपी मंगाई गई है। फर्जी प्रमाणपत्र से आवेदन करने वाले छात्रों के खिलाफ प्रवेश समिति सख्त कार्रवाई करेगी और एफआईआर भी दर्ज कराएगी।
बरेली कॉलेज में स्नातक में प्रवेश आसान नहीं होता है। यहां सीटों से अधिक आवेदन आते हैं। ऐसे में कई छात्र मेरिट में शामिल नहीं हो पाते हैं। मेरिट में शामिल होने के लिए छात्र भारांक के प्रमाणपत्र लगाते हैं। पिछले साल स्पोर्ट्स और दिव्यांग के प्रमाणपत्र संदिग्ध पाए गए थे। इससे पूर्व के वर्षों में एनएसएस प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए थे। इसके बाद से प्रवेश समिति सभी भारांक के प्रमाणपत्रों के आवेदन की गहनता से जांच करती है।
बरेली कॉलेज में बीए, बीएससी जीव विज्ञान, गणित और बीकॉम में 4 अगस्त से मेरिट के आधार पर प्रवेश हो रहे हैं। बीएससी गणित में सीटों से कम आवेदन की वजह से सभी छात्रों को प्रवेश दिया गया। बीकॉम, बीएससी जीव विज्ञान और बीकॉम में सीटों से अधिक आवेदन की वजह से दो बार ओपन, दो बार आरक्षण और एक बार ईडब्ल्यूएस की मेरिट निकाली गई।
अंतिम मेरिट में शामिल छात्रों के 21 अगस्त तक शाम पांच बजे तक ऑनलाइन प्रवेश हुए। समिति ने भारांक प्रमाणपत्रों की जांच की तो ईडब्ल्यूएस के तीन प्रमाणपत्र संदिग्ध प्राप्त हुए। इसमें एक प्रमाणपत्र पर आगे की सितंबर 2023 की तिथि लिखी है, जबकि अभी अगस्त चल रहा है। एक प्रमाणपत्र निर्धारित फार्मेट पर नहीं है और एक में क्रमांक सही नहीं है। ऐसे में आवेदन करने वाले तीनों छात्रों को प्रवेश समिति ने मूल प्रमाणपत्र के साथ बुलाया है।
प्रवेश समिति ने भारांक के प्रमाणपत्रों की गहनता से जांच की। ईडब्ल्यूएस के तीन प्रमाणपत्र संदिग्ध प्रतीत हो रहे हैं। फर्जी प्रमाणपत्र लगाने वाले छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।-प्रो. वंदना शर्मा, मुख्य प्रवेश नियंत्रक बरेली कॉलेज
बीकॉम में छूटे सभी 70 छात्रों को प्रवेश का मौका
बरेली कॉलेज ने पहली, दूसरी और तीसरी मेरिट में शामिल होने के बाद भी प्रवेश न ले पाने वाले सभी 70 छात्रों को सीटें रिक्त होने पर मौका दे दिया है। यह छात्र ऑनलाइन पोर्टल पर शुल्क जमा कर प्रवेश ले सकते हैं। हालांकि अभी बीए और बीएससी जीव विज्ञान में छूटे हुए छात्रों के प्रवेश पर निर्णय नहीं लिया गया है। जल्द ही प्रवेश समिति रिक्त सीटों के आधार पर इस पर कोई निर्णय लेगी।
ये भी पढ़ें- बरेली: महिला की संदिग्ध हालात में मौत, पुलिस कर्मी समेत आठ के खिलाफ तहरीर
