अयोध्या : कानपुर-अनवरगंज इंटरसिटी के दोबारा संचालन की मांग
रुदौली/ अयोध्या, अमृत विचार। रुदौली रेलवे स्टेशन पर जन सुविधा बढ़ाए जाने के लिए विधायक रामचंद्र यादव ने कानपुर-अनवरगंज इंटरसिटी ट्रेन पुनः चलाए जाने सहित कई समस्याओं को लेकर बुधवार को 6 सूत्रीय मांग पत्र मंडल रेल प्रबंधक उत्तर रेलवे को सौंपा। साथ समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
दिए गए मांग पत्र में कहा गया है कि रुदौली मुख्य व्यवसायिक केंद्र होने के कारण यहां के व्यापारी व्यवसायिक गतिविधियों को लेकर ट्रेन से यात्रा करते हैं।प्लेटफॉर्म नंबर दो की तरफ शहर की आबादी है लेकिन आवागमन के लिए मार्ग नहीं है। मार्ग बन जाने से लोगों की दुश्वारियां खत्म हो जाएगी। साथ ही पुरानी क्रासिंग के दोनों ओर बनाई गई दीवार के बगल में सर्विस मार्ग, दिव्यांगों, वृद्ध महिलाओं और बच्चों के आवागमन के लिए अंडरपास बनाए जाने की मांग की गई है। प्लेट फार्म नंबर दो पर टिकट वितरण काउंटर खोले जाने व कानपुर-अनवरगंज इंटरसिटी ट्रेन पुनः चलाए जाने तथा वंदे भारत ट्रेन व अयोध्या कैंट-दिल्ली एक्सप्रेस का स्टेशन पर ठहराव किए जाने की मांग की गई गई है।
इसके अलावा विधायक ने रेलवे स्टेशन के कार्यालय का निर्माण नगर की आबादी की ओर दक्षिण दिशा में किए जाने की मांग की है। विधायक राम चंद्र यादव ने बताया कि डीआरएम ने समस्या के समाधान के लिए आश्वस्त किया है।
ये भी पढ़ें - खेल कोटे से सिपाही बने 233 अभ्यर्थियों को CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र, बोले - पुलिस ने बदली UP की छवि
