कानपुरवासियों के लिए अच्छी खबर, 30 करोड़ की लागत से हैलट में बनेगा 100 बेड का आईसीयू, यह सुविधाएं मिलेगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में 30 करोड़ से हैलट अस्पताल में 100 बेड का आईसीयू बनेगा।

कानपुर में 30 करोड़ से हैलट अस्पताल में 100 बेड का आईसीयू बनेगा। जिसके लिए शासन ने मंजूरी दी। राजकीय निर्माण निगम नक्शा पास होते ही काम शुरू करेगा।

कानपुर, अमृत विचार। हैलट अस्पताल में आईसीयू बेड की संख्या कम होने से गंभीर मरीजों के इलाज में कठिनाई का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने शासन से अस्पताल में आईसीयू बेड की क्षमता बढ़ाने की मांग की थी। शासन ने हैलट अस्पताल में करीब 30 करोड़ रुपये से 100 बेड का आईसीयू बनाने की स्वीकृति प्रदान कर दी है।

हैलट अस्पताल में कानपुर समेत 17 जिलों से मरीज इलाज कराने आते हैं, इनमें से तमाम मरीजों की हालत गंभीर होती है। ऐसे मरीजों को तत्काल आईसीयू में भर्ती करने की जरूरत होती है, लेकिन अस्पताल में आईसीयू की बेड संख्या कम होने की वजह से मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। नंबर लगाने के बाद भी गंभीर मरीजों को आईसीयू में बेड उपलब्ध नहीं हो पाता है। इस हाल में तीमारदार मरीज को मजबूरन निजी अस्पताल ले जाते है, जहां उन्हें मोटी रकम चुकानी पड़ती है।

चार मंजिला भवन में आईसीयू, इमरजेंसी, ऑपरेशन कक्ष होगा

हैलट अस्पताल परिसर में 100 बेड के आईसीयू के लिए अलग से चार मंजिल की बिल्डिंग बनेगी। इसमें सिर्फ गंभीर मरीज ही भर्ती किए जाएंगे। इस भवन में इमरजेंसी, एचडीयू, निगरानी कक्ष, ऑपरेशन कक्ष व इंटीग्रेटेड लैब भी बनेगी। चार मंजिल आईसीयू के बिल्डिंग का निर्माण राज्य निर्माण निगम द्वारा किया जाएगा। 

पीएम भीम प्रोजेक्ट के तहत 100 बेड का आईसीयू बनाया जाएगा, जिसका बजट करीब 30 करोड़ रुपये है। आईसीयू की बिल्डिंग चार मंजिला होगी। राजकीय निर्माण निगम को जगह दिखा दी गई है, नक्शा पास होने के बाद वहां  निर्माण कार्य शुरू होगा।- प्रो. संजय काला, प्राचार्य जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज।

 

संबंधित समाचार