मोदी सरकार के आने के बाद भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना: अनुराग ठाकुर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जयपुर। केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) नीत पूर्ववर्ती केन्द्र सरकार के शासनकाल में भारत की अर्थव्यवस्था लड़खड़ा रही थी लेकिन केन्द्र में प्रधानमंत्री मोदी नीत सरकार बनने के बाद भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।

केन्द्रीय मंत्री यहां बिड़ला सभागार में भाजपा के युवा प्रतिनिधि सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। केन्द्रीय खेल मंत्री ने युवाओं से आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी को वोट देने को कहा ताकि यहां 'डबल इंजन' सरकार बने और त्वरित विकास हो। 

उन्होंने कहा, ‘‘नौ साल पहले जब केन्द्र में मनमोहन सिंह नीत की सरकार थी तब अर्थव्यवस्था लड़खड़ा रही थी। भारत दुनिया की दसवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था थी। मोदी नीत सरकार के आने के बाद चारों तरफ विकास हुआ, सरकार ने ईमानदारी से काम किया, देश को कोरोना संकट से बाहर निकाला और देश को दसवीं से पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना दिया।’’ केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस राज में बढ़ते अपराध और भ्रष्टाचार से राजस्थान की छवि खराब हुई है। उन्होंने गहलोत शासन को "गह-लूट शासन" भी कहा। 

उन्होंने कहा कि ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ की बात करने वाली कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी, महिलाओं के खिलाफ अपराध होने पर राजस्थान नहीं आती हैं। उन्होंने कानून व्यवस्था, महिला अपराध, किसान कर्जमाफी तथा भ्रष्टाचार को लेकर राज्य की कांग्रेस नीत सरकार पर निशाना साधा। 

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासन में राजस्थान में भ्रष्टाचार चरम पर है, महिलाओं, दलितों के खिलाफ अपराध और सांप्रदायिक घटनाएं बढ़ी हैं और हर तीन में से एक युवा बेरोजगार है। ठाकुर ने पार्टी के युवा प्रतिनिधियों से घर-घर जाकर पार्टी के लिए वोट मांगने को कहा ताकि इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में राज्य में ‘डबल इंजन’ की सरकार बन सके। सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी और अन्य नेता भी मौजूद थे।

ये भी पढ़ें- Chandrayaan 3 Live: चंद्रयान-3 पर सबकी नजर, ISRO का लाइव टेलीकास्ट शुरु, बस कुछ मिनटों का इंतजार... चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग को तैयार 'विक्रम'

 

संबंधित समाचार