बहराइच: बहन का हत्यारा चचेरा भाई गिरफ्तार, पांच दिन पूर्व चाकू से गोदकर की थी हत्या
मोतीपुर/बहराइच, अमृत विचार। जनपद के विश्राम गांव निवासी युवक ने अपने चचेरी बहन की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने चचेरे भाई के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की थी। गुरुवार को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
मोतीपुर थाना क्षेत्र के विश्राम गांव निवासी 15 वर्षीय किशोरी की रविवार शाम को उसके चचेरे भाई श्रीराम उर्फ जीवा पुत्र कुन्ना ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी थी। प्रभारी थानाध्यक्ष मनोज कुमार राव ने बताया कि मृतक किशोरी के पिता की तहरीर पर श्रीराम के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
गुरुवार को निरीक्षक मोहम्मद अफजल खान, उप निरीक्षक मनोज कुमार राव, हेड कांस्टेबल मुलायम यादव, रविशंकर पांडेय, रमाकांत सिंह और दीपक यादव की टीम ने आरोपी श्रीराम उर्फ जीवा को गोपिया बैराज के निकट से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। साथ ही हत्या में प्रयुक्त चाकू को पुलिस ने बरामद कर सीज कर दिया है। मालूम हो कि आरोपी ने प्रेम विवाह का विरोध करते हुए अपनी बहन की हत्या कर दी थी।
यह भी पढ़ें:-गौतम बुद्ध नगर: पेड़ के नीचे बैठे दो लोगों को ट्रक ने कुचला, हालत नाजुक
