UP T-20 League: ग्रीनपार्क में ही खेली जाएगी यूपी लीग, वर्ल्ड कप मुकाबले को लेकर आयोजकों ने इकाना से किया किनारा
कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में ही यूपी लीग खेली जाएगी।
कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में ही यूपी लीग खेली जाएगी। वर्ल्ड कप मुकाबले को लेकर आयोजकों ने इकाना किनारा किया। लखनऊ टीम आज से अभ्यास शुरू करेगी।
कानपुर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन लीग के मुकाबले कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम पर खेले जाएंगे। इन मुकाबलों के सफल आयोजन के लिए खेल विभाग ने कानपुर में तैनात अधिकारियों को व्यवस्थाएं ठीक करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
30 अगस्त से शुरू होने वाली लीग पर प्रदेश भर के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की निगाहें लगी हैं। फिलहाल लीग में हिस्सा ले रही लखनऊ फॉल्कन की टीम शुक्रवार से इकाना स्टेडियम में अभ्यास शुरू करेगी। हालांकि बारिश अभ्यास में खलल डाल सकती है।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अनुसार ग्रीनपार्क में लीग के आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। ब्राडकास्टिंग टीम के साथ ही आयोजन कमेटी से जुड़े लोगों का कानपुर के ग्रीन पार्क पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। ग्रीन पार्क स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के मुकाबले आयोजित किए जा चुके हैं। ऐसे में लीग के मुकाबले वहां आयोजित किये जाने को लेकर अधिक मेहनत नहीं करनी होगी।
इकाना में वर्ल्ड कप के मुकाबले 12 अक्टूबर से खेले जाने हैं। इसके लिए एक महीने पहले ही आईसीसी इकाना स्टेडियम की देखरेख के लिए पहुंच जाएगी। सूत्रों के अनुसार आठ से 11 सितम्बर के बीच बीसीसीआई और आईसीसी के अधिकारी इकाना को टेकओवर कर लेंगे। ऐसे में यूपी लीग के मुकाबलों का आयोजन आसान नहीं होगा।
इसी के चलते कानपुर में ही यूपी लीग के मैच खेले जाएंगे। यूपीसीए के अंकित चटर्जी पहले भी इन मुकाबलों के लिए खेल विभाग के अधिकारियों से सम्पर्क में हैं। किराए को लेकर एसोसिएशन और खेल विभाग में भी जल्द ही सहमति बन जाएगी।
