UP कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का बीजेपी पर तंज, कहा- सरकार की वाशिंग मशीन में धुले जा रहे हैं अपराधी
अमृत विचार, लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उन्होंने अमरमणि त्रिपाठी की रिहाई को लेकर बीजेपी पर जमकर हमला बोला। अजय राय ने कहा कि जो लोग महिलाओं की हत्या और रेप में शामिल हैं, उनको मुक्त किया जा रहा है और सरकार उनको वाशिंग मशीन में डालकर धुल रही है।
कवयित्री मधुमिता शुक्ला मर्डर केस में पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी की रिहाई को लेकर यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मैं इसकी निंदा करता हूं बीजेपी ने केवल बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ का नारा दिया है और उसी बेटी की हत्या करने वाले नेताओ को रिहा किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी हमेशा ऐसे लोगों का पोषण करती है। ऐसे घटिया और गलत लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
बता दें कि कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अजय राय शुक्रवार को लखनऊ के हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा, डॉ भीमराव आम्बेडकर और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण करते हुए उन्हें याद किया। इस अवसर पर अजय राय ने कहा कि गांधी के रास्ते पर चलेंगे आज उनका आशीर्वाद लेने हम यहां आए हैं निश्चित तौर से जिम्मेदारियां और चुनौतियां बढ़ी हैं उन चुनौतियों को हम स्वीकार करते हैं निश्चित तौर से कांग्रेस पार्टी पूरे उत्तर प्रदेश में सड़को पर संघर्ष करते दिखाई देगी।
ये भी पढ़ें:- राखियां बनाने के हुनर से छात्राओं में उद्यम के अवसर : डॉ लीना मिश्र
