बरेली: ड्यूटी पर डॉक्टर न स्टाफ, फिर भी सीएमएस बेफिक्र...अस्पताल में बेहाल मिले मरीज
सीएमओ ने छापा मारा तो तीन सौ बेड अस्पताल में बेहाल मिले मरीज
बरेली, अमृत विचार। तीन सौ बेड अस्पताल में इलाज कराने आए मरीजों की शुक्रवार सुबह भरमार थी लेकिन न डॉक्टरों का अता-पता था न स्टाफ का। खुद सीएमएस भी बेफिक्र थे। इसी बीच साढ़े आठ बजे सीएमओ ने छापा मारा तब कहीं कुछ हलचल शुरू हुई। सीएमओ ने सभी की अनुपस्थिति दर्ज करने के साथ सीएमएस पर भी नाराजगी जताई और गैरहाजिर डॉक्टरों और कर्मचारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगने का निर्देश दिया।
कुतुबखाना फ्लाईओवर का निर्माण शुरू होने के बाद मरीजों का जिला अस्पताल पहुंचना मुश्किल हुआ तो वहां से कई विभागों की ओपीडी को तीन सौ बेड अस्पताल में शिफ्ट किया गया था लेकिन यहां अराजकता की स्थिति रहने से मरीजों को इसका ज्यादा लाभ नहीं मिल पा रहा है।
डॉक्टरों और स्टाफ के आए दिन नदारद रहने की शिकायतें आम हैं। दूर-दूर से आए मरीजों को इस कारण अक्सर मायूस होकर लौटना पड़ता है। शुक्रवार को सीएमओ डॉ. बलवीर सिंह ने सुबह साढ़े आठ बजे छापा मारा तो डॉक्टर समेत कई कर्मचारी नदारद मिले। सीएमओ ने सीएमएस पर कड़ी नाराजगी जताई। ड्यूटी से गायब स्टाफ की अनुपस्थिति लगाकर सीएमएस को उन्हें नोटिस जारी करने को कहा।
सीएमओ के निरीक्षण के दौरान एआरवी केंद्र पर भी वैक्सीन लगवाने के लिए मरीजों की लंबी लाइन लगी हुई थी। स्टाफ नर्स उन्हें वैक्सीन लगा रही थी। सीएमओ ने पूछताछ की तो पता चला कि करीब एक महीने से प्रभारी नहीं हैं। इस वजह से गंभीर घाव वाले मरीजों को सिरम संबंधी जानकारी भी नहीं मिल रही है।
यह भी पढ़ें- बरेली: जोगी नवादा में सोमवार को नहीं निकलेगी कांवड़ यात्रा, आवेदन तीसरी बार निरस्त...जानिए मामला
