UP T-20 League: यूपी टी-20 की तैयारियां तेज, 28 अगस्त से आने लगेंगी टीमें, जानें- कब से होगा मुकाबला
कानपुर में 30 अगस्त से होने वाले यूपी टी-20 की तैयारियां तेज।
कानपुर में 30 अगस्त से होने वाले यूपी टी-20 की तैयारियां तेज हो गई। वहीं, ग्रीनपार्क स्टेडियम दूधिया रोशनी से जगमगा उठा।
कानपुर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से 30 अगस्त से शहर में होने जा रही यूपी टी-20 लीग की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शुक्रवार को ग्रीनपार्क में लगी फ्लड लाइटों की टेस्टिंग की गई। इस दौरान ग्रीनपार्क दूधिया रोशनी से नहा उठा। अधिकारियों के अनुसार मैच कराने के लिए कुछ अतिरिक्त लाइटें भी लगाई जाएंगी।
28 अगस्त से लीग में शामिल टीमों का शहर आना शुरू हो जाएगा। इससे पहले फ्रेंचायजियों ने शहर में खिलाड़ियों और स्टॉफ के लिए होटल की बुकिंग शुरू कर दी है। होटल लैंडमार्क, विजय विला, रॉयल क्लिफ समेत कई होटलों में फ्रेंचाइजियों के सदस्यों ने रूम बुक करने शुरू कर दिए हैं। ग्रीनपार्क में 30 अगस्त से शुरू होने जा रही लीग का पहला मुकाबला कानपुर सुपरस्टार और नोएडा सुपर किंग्स के बीच खेला जाना है।
31 अगस्त को चार टीमों के बीच मुकाबला होगा। कानपुर और नोएडा की टीम 28 अगस्त को शहर पहुंच जाएगी। इसके अलावा गोरखपुर, लखनऊ, काशी और मेरठ की टीम भी 28 अगस्त को शहर पहुंचेगी।
29 अगस्त से टीमें करेंगी अभ्यास
ग्रीनपार्क की पिच लीग के मैचों के लिए तैयार कर ली गई है। बस फाइनल टच दिया जा रहा है। 29 अगस्त से टीमों के खिलाड़ी ग्रीनपार्क में अभ्यास करने के लिए आएंगे। मैच रोजाना शाम साढ़े तीन बजे से शुरू होंगे। यूपी टी-20 लीग 18 दिन चलेगी, जिसमें कुल 33 मैच खेले जाएंगे। शुभारंभ और फाइनल वाले दिन एक मैच होगा, बाकि हर दिन दो मैच होंगे। ओपनिंग सेरेमनी में कार्तिक आर्यन और मीत ब्रदर्स के आने की संभावना है। अभी तक की जानकारी के अनुसार लैंडमार्क में कानपुर सुपर स्टार, नोएडा सुपर किंग्स व लखनऊ फाल्कंस की टीमें रुकेंगी, रिजेंटा में काशी रुद्रांश की टीम ठहरेगी। होटल प्रिस्टीन में गोरखपुर लायंस और मेरठ मेवरिक्स की टीमें रुकेगी।
