Kanpur News: प्राइवेट बस में गर्भवती को हुई प्रसव पीड़ा, अस्पताल पहुंचने से पहले नवजात ने तोड़ा दम
कानपुर में प्राइवेट बस में गर्भवती को प्रसव पीड़ा हुई।
कानपुर में प्राइवेट बस में गर्भवती को प्रसव पीड़ा हो गई। वहीं, अस्पाल पहुंचने से पहले ही नवजात की मौत हो गई।
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर से चलकर जहानाबाद जा रही एक प्राइवेट बस में शुक्रवार को एक महिला को प्रसव हो गया। वह कानपुर में डॉक्टर को दिखाने के बाद घर लौट रही थी। सड़क के गड्ढों में बस के हिचकोले खाने के बाद उसे दर्द हुआ। प्रसव के बाद उसे एंबुलेंस से भीतरगांव सीएचसी पहुंचाया गया, जहां बच्चे की मौत हो गई।
फतेहपुर जिले के सीमावर्ती जहानाबाद कस्बे के रहने वाले अश्वनी कुमार की पत्नी खुशी (24) शुक्रवार को कानपुर डॉक्टर को दिखाने गई थी। डॉक्टर को दिखाने के बाद वह प्राइवेट बस से जहानाबाद लौट रही थी। जैसे ही बस ने साढ़ के दरगाही लाल नहर पुल को क्रॉस किया, खुशी को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई, जिससे बस के यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। साढ़ कस्बे पहुंचते-पहुंचते प्रसूता ने बच्चे को जन्म दे दिया।
बस में सवार महिला यात्री उसका दर्द देखकर आग आईं और उसकी मदद की। साढ़ कस्बे पहुंचने के बाद बस को रोका गया और एंबुलेंस को सूचना दी गई। एंबुलेंस काफी देर से पहुंची और जच्चा- बच्चा को लेकर भीतरगांव सीएचसी में भर्ती कराया, जहां बच्चे की मौत हो गई।
