UP: आशिकी का ऐसा पागलपन, वो तड़पता रहा फिर भी नहीं पसीजा दिल, प्रेमी के साथ मिलकर रची खौफनाक साजिश, पति को मार डाला
कन्नौज में प्रेमी के साथ मिलकर पति को मार डाला।
कन्नौज में प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने अपने ही पति को मार डाला। पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। जबकि फरार प्रेमी की तलाश कर रही है।
कन्नौज, अमृत विचार। सकरावा के एक मोहल्ला में मजदूर के मृत मिलने के मामले में पाया गया कि उसकी हत्या हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि के बाद पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पत्नी के बार-बार बयान बदलने तथा फिर कबूलनामे से स्पष्ट हुआ कि उसने ही प्रेमी के साथ मिलकर पति की सोते समय गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस आरोपी प्रेमी की तलाश कर रही है।
बता दें थाना क्षेत्र के सकरावा के मोहल्ला अफगानान निवासी जावेद खान पुत्र बूदा खान (45) मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। एक सप्ताह बाद गुरुवार सुबह मजदूरी करके दोपहर में घर आया था। घर पर पहले से मौजूद फर्रुखाबाद जनपद के कमालगंज थाना क्षेत्र के गौसपुर निवासी सलमान पुत्र सनाउद्दीन को पत्नी चंदा साथ देख लिया। इसी बात पर कहासुनी होनी लगी।
इसके बाद सलमान और पत्नी चंदा ने मिलकर पति की कमरे में दिन में कंबल डाल कर गला दबाकर हत्या कर दी। इसकी किसी को भनक नहीं लगने दी। महिला ने सलमान को अपना बुरका पहना कर निकल जाने को कहा। रात एक बजे के करीब चंदा पड़ोस के रहने वाले निजी चिकित्सक के यहां गई और पति के पेट में दर्द की बात कही। डॉक्टर घर पहुंचा तो जावेद को देखते ही मृत घोषित कर दिया। यह देख पत्नी दहाड़े मारकर रोने लगी। शोर सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
उधर सलमान जब घर से निकला था तो उसकी फुटेज घर के सामने लगे कैमरे में कैद हो गई। परिवार की सूचना पर चौकी पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची। मोहल्ले के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने मृतक के भाई इकबाल की तहरीर पर शुक्रवार सुबह शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के भेज दिया। मृतक के चार पुत्र रेहान (12), फैजान (10), अरमान (7), फरमान (5) हैं।
थाना प्रभारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की बात सामने आई। पुलिस ने भाई की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर चंदा को हिरासत में ले लिया औऱ शनिवार महिला को जेल भेज दिया। सलमान की तलाश में छापेमारी जारी है।
प्रेमी से शादी के लिए पति से करती थी जिद
फर्रुखाबाद जनपद के कमालगंज थाना क्षेत्र के गौसपुर निवासी सलमान मुम्बई में रहकर मजदूरी करता है। पुलिस के अनुसार करीब एक साल पहले मोबाइल के जरिए संपर्क होने के बाद चंदा से बात होने लगी और धीरे-धीरे प्यार हो गया। पति जावेद गांव व आसपास मजदूरी करता था और ठेकेदार के साथ कई-कई दिन के लिए बाहर भी चला जाता था। पति की गैरमौजूदगी में सलमान का आना जाना शुरू हो गया। यह बात जावेद को मालूम हुई तो उसने पत्नी को बुरा भला कहा लेकिन वह नहीं मानी और सलमान से शादी की जिद करने लगी। जावेद जब एक सप्ताह पहले मजदूरी करने गया तो सलमान घर आ गया। इसी दौरान जावेद भी लौटा तो कहासुनी हुई। इससे नाराज पत्नी चंदा व प्रेमी सलमान ने गुरुवार को दिन में ही कमरे में गला घोंटकर हत्या कर दी। और रात एक बजे पेट दर्द की बात कर पति की मौत की बात कहने लगी। पड़ोस में घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रात एक बजे के करीब प्रेमी के निकलने के फुटेज कैद हो गए।
