सपा की मांग- हनुमानगढ़ी ही नहीं अयोध्या से भी बेदखल किए जाएं राजूदास
बीमारी के चलते रक्तदान से किया जाए प्रतिबंधित, केस दर्ज न होने पर सड़क पर उतरने की चेतावनी
अयोध्या, अमृत विचार। हनुमानगढ़ी के महंत राजूदास के अभद्र बयानों को लेकर समाजवादी पार्टी ने तीखे तेवर अख्तियार कर लिए हैं। पार्टी ने कहा है कि हनुमानगढ़ी ही नहीं अयोध्या से भी कथित महंत को बेदखल किया जाए। इसके अलावा एफआईआर दर्ज न होने पर सड़कों पर उतरने की चेतावनी दी है।
सोमवार को एक प्रतिनिधिमंडल पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय पवन के नेतृत्व में एसएसपी से मिलेगा। रविवार को यहां समाजवादी महिला सभा की ओर आयोजित पत्रकार वार्ता में सपाइयों ने महंत राजूदास पर तीखा हमला बोला। महिला सभा की महानगर अध्यक्ष अर्पणा जायसवाल ने कहा कि कथित महंत अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं और उन्हें अपना इलाज कराना चाहिए।
कहा कि ऐसे व्यक्ति को हनुमानगढ़ी और अयोध्या में भी रहने का अधिकार नहीं है, तत्काल उन्हें वहां से हटाया जाए। उन्होंने कहा कि उन्होंने रविवार को वीडियो के जरिए माफी मांग साबित कर दिया शनिवार को वायरल वीडियो उन्हीं का था और कदापि एडिट नहीं था।
उन्होंने कहा कि माफी मांगने से महिला समाज पर की गई उनकी अभद्र टिप्पणी का अपराध कम नहीं हो जाता है। अध्यक्ष ने कहा कि तहरीर पर अब तक केस नहीं दर्ज किया गया है और न ही गिरफ्तारी की गई है। यदि शीघ्र केस दर्ज कर गिरफ्तारी नहीं होती तो शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
महिला सभा ने यहां तक कहा कि उनकी सिफलिस की बीमारी के साक्ष्य मौजूद हैं, उन्हें इस पर हाईपर न होकर इलाज कराना है। सभा ने कहा कि उन्हें रक्तदान करने से भी तत्काल प्रतिबंधित करना चाहिए वर्ना और लोग भी शिकार हो सकते हैं।
प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष और महिलाओं के अपमान को लेकर पार्टी अब पीछे नहीं हटने वाली है। उन्होंने कहा कि कथित महंत को हनुमानगढ़ी की सीढ़ी नहीं चढ़ने देना चाहिए, ऐसा व्यक्ति महंत या साधु नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि माफी मांग उन्होंने खुद को दोषी बता दिया है।
ये भी पढ़ें -सहारनपुर: युवक की गोली मारकर हत्या, सड़क पर शव रख परिजनों ने लगाया जाम
