Hamirpur News: वृद्ध की हत्या का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार, लाठी-डंडों से पीटने के बाद चढ़ा दिया था ट्रैक्टर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हमीरपुर में वृद्ध की नृशंस हत्या का खुलासा।

हमीरपुर में वृद्ध की नृशंस हत्या का खुलासा कर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने लाठी डंडों से पीटने के बाद बाद में ट्रैक्टर चढ़ाकर कुचल दिया था।

हमीरपुर, अमृत विचार। कुरारा थानाक्षेत्र के कुसमरा डिमुंहा मार्ग में गेहूं पिसाकर साइकिल से लौट रहे वृद्ध की बीते 24.अगस्त को हुई निर्मम हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। जमीनी विवाद में छह लोगों ने लाठी डंडों से पीटकर हत्या करने के बाद उसे ट्रैक्टर से भी कुचल दिया और शव को सड़क किनारे झांड़ी में फेंका था। इस हत्याकांड में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं एक आरोपी फरार चल रहा है।

थानाक्षेत्र के कुसमरा से साइकिल सवार सिद्धबाबा डेरा निवासी मान सिंह यादव (75) का शव संदिग्ध अवस्था में सड़क किनारे रास्ते में झाड़ी में मिला था। पुलिस ने फील्ड यूनिट टीम के साथ घटना की जांच पड़ताल की थी। वहीं शव का पोस्टमार्टम कराया था। अपर पुलिस अधीक्षक मायाराम वर्मा ने घटना का खुलासा किया है।

बताया कि मृतक पुत्र रामराज ने तहरीर दी थी जिसमें पिता मानसिंह की गांव निवासी करिया उर्फ धनीराम उसके दो पुत्र भूपसिंह, कप्तान व अज्ञात लोगों ने लाठी डंडों से मारकर हत्या कर दी है। इसके बाद ट्रैक्टर चढा दिया गया व शव को झाड़ी में फेंक दिया। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।

पुलिस की छानबीन में तीन अन्य हत्यारोपी गांव निवासी जुग्गी रैदास उर्फ कौशलेन्द्र, उपदेश रैदास व टिर्रा यादव प्रकाश में आए। विवेचना में पुलिस को पता चला कि करिया यादव, भूपसिंह व कप्तान, जुग्गी रैदास, उपदेश रैदास व टिर्रा यादव ने मिलकर जमीनी विवाद के चलते योजना बनाकर मानसिंह यादव की हत्या कर दी। योजना के तहत आरोपियों ने लाठी-डंडों से मारपीट कर हत्या कर दी एवं एक्सीडेन्ट का रूप देने के लिए कप्तान ने उस पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया।

इसके बाद शव को रोड के किनारे झाड़ी में उठाकर फेंक दिया। पुलिस ने पांच हत्यारोपियों को भैंसापाली मोड़ के पास से गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर आला कत्ल रक्तरंजित दो डंडे तथा घटना के समय टिर्रा द्वारा लिया गया अंगौछा व ट्रैक्टर मय ट्राली बरामद किया है। एक आरोपी भूपसिंह की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

संबंधित समाचार