बरेली: सिविल एन्क्लेव से जल्द उड़ान शुरू होने की उम्मीद जगी
बरेली,अमृत विचार। कोविड काल में सिविल एन्क्लेव से उड़ान शुरू होने की ‘उम्मीद’ को पंख जल्द लगेंगे, इसके संकेत मिलने शुरू हो गए हैं। केंद्र सरकार ने दिल्ली-बरेली उड़ान का रूट पहले ही निर्धारित कर दिया। गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली समेत राज्य के 17 एयरपोर्ट के संबंध में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री …
बरेली,अमृत विचार। कोविड काल में सिविल एन्क्लेव से उड़ान शुरू होने की ‘उम्मीद’ को पंख जल्द लगेंगे, इसके संकेत मिलने शुरू हो गए हैं। केंद्र सरकार ने दिल्ली-बरेली उड़ान का रूट पहले ही निर्धारित कर दिया।
गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली समेत राज्य के 17 एयरपोर्ट के संबंध में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से बात की। उड़ान शुरू कराने, बेहतर हवाई कनेक्टिविटी को लेकर हुई बातचीत को सकारात्मक तरीके से देखा जा रहा है। एयरपोर्ट शुरू होने पर पर्यटन गतिविधियों को पंख लगने की बात भी कही जा रही है।
इधर, फरवरी माह में लखनऊ में हुई डिफेंस एक्सपो में सिविल एन्क्लेव से उड़ान शुरू कराने के लिए हुए समझौते के आधार पर टर्बो एविएशन कंपनी ने उड़ान शुरू कराने की तैयारियां तेज कर दी हैं। सूत्र बताते हैं कि कंपनी 72 सीटर हवाई जहाज खरीद चुकी है।
कंपनी के अधिकारी जल्द सिविल एन्क्लेव का दौरा कर सकते हैं। हालांकि, अगस्त माह में एयर इंडिया की सहायक कंपनी एलाइंस एयर के अफसरों के सिविल एन्क्लेव का दौरा करने के बाद से उड़ान शुरू कराने को लेकर यह असमंजस बना है कि उड़ान टर्बो भरेगी या एलाइंस एयर। इस संबंध में एयरपोर्ट अथॉरिटी लखनऊ ने न आधारिक बयान जारी किया है और न ही स्थिति साफ की है।
बता दें कि टर्बो एविएशन ने मलेशिया से 72 सीटर विमान मिलने की उम्मीद जताते हुए अप्रैल माह में सिविल एन्क्लेव से हवाई सेवा शुरू करने की तारीख तय की थी। यह बात कोविड काल शुरू होने से पहले कही थी लेकिन कोविड काल शुरू होने के बाद हवाई जहाज खरीद की ढील लटक गई है। इससे उड़ान शुरू होने में पेच फंस गया। टर्बो कंपनी भी खामोश बैठ गई।
अगस्त में दिल्ली-बरेली उड़ान का रूट हुआ था फाइनल
पिछले माह केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने पूर्वोत्तर के कई राज्यों को हवाई सेवा से जोड़ने के लिए 78 रूटों पर अंतरजनपदीय विमान सेवा शुरू करने का फैसला लिया है। इसमें बरेली समेत कानपुर, चित्रकूट, श्रावस्ती, मुरादाबाद, अलीगढ़ शामिल किए। केंद्र सरकार से जारी रूटों में चित्रकूट से प्रयागराज, चित्रकूट से वाराणसी, श्रावस्ती से वाराणसी और श्रावस्ती से प्रयागराज के रूट के अलावा बरेली से दिल्ली की उड़ान भी शामिल की गई। इससे जल्द सिविल एन्क्लेव से उड़ान शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
