बाजपुर: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से राजमिस्त्री की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Shweta Kalakoti
On

बाजपुर, अमृत विचार। छत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवी की विद्युत लाइन की चपेट में आने से राजमिस्त्री की मौत हो गई। सूचना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है।

ग्राम चनकपुर रोड बरहैनी निवासी आले हसन (40) पुत्र स्व. मेंहदी हसन अपने मामा ग्राम नंदपुर नरकटोपा निवासी कमल हसन के यहां राजमिस्त्री का कार्य कर रहा था। इसी बीच रविवार को छत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवी की विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। आले हसन को पहले निजी व बाद में सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांचोपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।

अचानक मिली घटना की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक आले हसन अपने पीछे तीन लड़के तथा एक लड़की को रोता-बिलखता छोड़ गया है। वहीं इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि इस लाइन से आए दिन घटनाएं होती रहती हैं जिसमें कई लोग अपनी जान गवां चुके हैं।

पूर्व में भी हाईटेंशन लाइन में करंट आने से एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया था। ग्रामवासियों ने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों एवं प्रशासन से तत्काल हाईटेंशन लाइन को हटवाने की मांग की है। वहीं समाचार लिखे जाने तक मामले की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई थी।

 

 

संबंधित समाचार