बरेली आने वाली उड़ानें फुल, बहनों को राखी बांधने को चुकानी होगी दोगुनी रकम
इस बार रक्षाबंधन से पहले ही दिल्ली, बेंगलुरु और मुंबई की उड़ानें हो गईं फुल
DEMO IMAGE
बरेली, अमृत विचार। इस बार रक्षाबंधन पर दिल्ली और बेंगलुरु में रहने वाली बहनों को भाइयों की कलाई पर राखी बांधना काफी महंगा पड़ेगा। उड़ानें पहले से फुल चल रही हैं। ऐसे में बहनों को दिल्ली, बेंगलुरु से बरेली और इसके आसपास के शहरों में रहने वाले भाइयों के घर आने के लिए 29 और 30 अगस्त को डेढ़ से दोगुना रकम खर्च करनी पड़ रही है। हालांकि, यहां से बाहर जाने वाली बहनों को दोगुनी रकम खर्च नहीं करनी पड़ेगी।
इंडिगो एयरलाइंस की रविवार की बुकिंग बेवसाइट के अनुसार 29 अगस्त को बेंगलुरु से बरेली आने के लिए नॉनस्टाप फ्लाइट के लिए 16351 रुपये चुकाने पड़ रहे हैं, जबकि 31 अगस्त के लिए यात्रियों को सिर्फ 7882 रुपये में ही बरेली आने का मौका मिल रहा है। वहीं बरेली से बेंगलुरु के लिए 29 अगस्त को 8251 रुपये और 31 अगस्त को 9609 रुपये का टिकट वेबसाइट दिखा रही है।
मुंबई से बरेली आने के लिए 30 अगस्त को 8288 रुपये का किराया और 1 सितंबर का किराया 6830 रुपये बेवसाइट बता रही है, जबकि बरेली से मुंबई जाने के लिए 30 अगस्त को 8044 रुपये और 1 सितंबर को 6830 रुपये किराये में देने पड़ेंगे। हालांकि, उपरोक्त किराये में कम टिकट की अधिक मांग पर किराया बढ़ भी सकता है। वहीं, दिल्ली से बरेली आने के लिए भी यात्रियों की जेब पर बोझ बढ़ा है।
वैसे दिल्ली से बरेली आने के लिए 2 हजार से लेकर 2700 रुपये किराये में देने पड़ रहे थे, लेकिन रक्षाबंधन पर एयर ट्रैफिक बढ़ने की वजह से दिल्ली से बरेली आने के लिए यात्रियों को 29 अगस्त को 4200 रुपये चुकाने पड़ रहे हैं। यह किराया एलाइंस एयर की बुकिंग वेबसाइट दिखा रही है। 31 अगस्त को बरेली आने के लिए दिल्ली के यात्रियों को 2706 रुपये ही चुकाने पड़ेंगे। जबकि बरेली से दिल्ली जाने के लिए यात्रियों को 29 अगस्त काे 2706 रुपये और 2 सितंबर को भी 2706 रुपये का किराया बेवसाइट दिखा रही है।
जयपुर-बरेली का किराया भी कुछ बढ़ा
इंडिगो की बुकिंग वेबसाइट की मानें तो 28 अगस्त को जयपुर से बरेली आने के लिए 6160 रुपये, 30 अगस्त को आने के लिए 5329 रुपये का किराया है, जबकि बरेली से जयपुर जाने के लिए 28 अगस्त को 4138 और 30 अगस्त के लिए 5432 रुपये का किराया वेबसाइट पर दिखा रहा है।
उड़ानों की ये है टाइमिंग
- जयपुर-बरेली-जयपुर: आने का समय पूर्वाह्न 11 बजे और जाने का समय 11.40 बजे। रविवार, सोमवार, बुधवार और शुक्रवार।
- मुंबई-बरेली-मुंबई: आने का समय दोपहर 1.25 बजे, जाने का समय 2.25 बजे। रविवार, बुधवार और शुक्रवार।
- बेंगलुरु-बरेली-बेंगलुरु: आने का समय दोपहर 1.20 बजे और जाने का समय 2.20 बजे। मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार।
- दिल्ली-बरेली-दिल्ली: आने का समय दोपहर 12.30 बजे और जाने का समय 1.10 बजे। मंगलवार, बृहस्पतिवार, शनिवार और रविवार।
यह भी पढ़ें- बरेली: पूरे सावन पैरों में चुभते रहे कंकर-पत्थर, अब कांवड़ियों की सहूलियत के बना रहे सड़क
