रामपुर: कांवड़िए की संदिग्ध परिस्थिति में मंदिर परिसर में मौत, हंगामा
थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के भमरौआ शिव मंदिर में हुई कांवड़िए की मौत
रामपुर, अमृत विचार। थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के भमरौआ शिव मंदिर में हरिद्वार से जल लेकर आए कांवड़िए की मंदिर परिसर में मौत हो गई। शिव भक्त की मौत होने के बाद साथियों का गुस्सा फूट गया। मंदिर परिसर के बाहर आक्रोशित हो गए। हंगामे की सूचना मिलने पर भारी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंची, जहां उन्होंने हंगामा कर रहे कांवड़ियों को समझा बुझाकर शांत कराया।
परिजनों ने करंट की चपेट में आने से मौत होने का आरोप लगाया। इस मामले में परिजनों की ओर से मंदिर कमेटी के जिम्मेदारों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। जिसमें प्रशासनिक अफसरों की सूझबूझ से दोनों पक्षों में सुलहनामा करा दिया गया।
भोट थाना क्षेत्र के इंड्री गांव निवासी रवि सैनी (34) पुत्र वीर सिंह हरिद्वार से कांवड़ लेकर आया था। वह भमरौआ शिव मंदिर में कांवड़ चढ़ाने गया था। इस दौरान उसकी संदिग्ध परिस्थियों में मौत हो गई। कांवड़िए की मौत से प्रशासनिक अफसरों में खलबली मच गई और परिजनों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर एएसपी, एडीएम भारी दलबल के संग मौके पर पहुंचे।
हंगामा कर रहे साथियों को शांत कराया। परिजनों का कहना था कि कांवड़िए की मौत मंदिर की रेलिंग में करंट आने से हुई है। इसकी पुष्टि कराए जाने के लिए बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता और उनकी टीम को बुलाया गया। जांच पड़ताल कराई गई तो मंदिर में किसी भी बेरिकेडिंग की जाली में करंट का होना नहीं पाया गया। कांवड़िए की मौत होने के मामले कमेटी के पदाधिकारियों और परिजनों के बीच आपसी सुलहनामा करा दिया गया।
यह भी पढ़ें- रामपुर: आंगन में सो रही बच्ची को उठा ले गया बंदर, छत से फेंका, सिर में आए 10 टांके
