Unnao में विधानमंडल के मुख्य सचेतक डा. मनोज कुमार पांडेय बोले- द्विजों को अपना अधिकार प्राप्त करना आता है

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में परशुराम चेतना मंच के तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित हुआ।

उन्नाव में परशुराम चेतना मंच के तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसमें विधानमंडल के मुख्य सचेतक डा. मनोज कुमार पांडेय बोले कि द्विजों को अपना अधिकार प्राप्त करना आता है।

उन्नाव, अमृत विचार। ऋषि-मुनियों की वर्तमान पीढ़ी के प्रति अनर्गल प्रलाप बंद होना चाहिए। वह अपने पूर्वजों के संस्कारों पर चल कर खामोशी अख्तियार रखते हैं। इसका मतलब यह नहीं कि वह बोल ही नहीं सकते हैं। उन्हें बोलने के साथ अपना अधिकार प्राप्त करना आता है। इसलिए सत्ता के प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए द्विज परिवारों को नीचा दिखाने वालों को अपनी जद में रहना सीखना होगा।

यह बात  निराला प्रेक्षागृह में परशुराम चेतना मंच के तत्वावधान में आयोजित ब्राह्मण समागम एवं सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए विधानमंडल के मुख्य सचेतक डा. मनोज कुमार पांडेय ने कही। उन्होंने कहा कि आदि काल से राजसत्ता का संचालन ऋषि-मुनि के मार्ग दर्शन में होता रहा है। वर्तमान में भी ब्रह्म समाज के लोग महत्वपूर्ण शीर्ष संभालते हुए समाज को आगे आगे बढ़ाने का दायित्व इमानदारी से निभा रहे हैं।

वह चिकित्सक के तौर पर जहां सभी का कल्याण कर रहे हैं। वहीं प्रशासनिक सेवा में रहकर गैरबराबरी समाप्त करने के लिए प्रयासरत हैं। इसलिए ब्राह्मणों की उपेक्षा व तिरस्कार नहीं किया जाना चाहिए। अब इसकी पराकाष्ठा होती जा रही है। इसलिए ब्रह्म समाज के लोगों को एकजुट होकर लोकतांत्रिक ढंग से अधिकार प्राप्त करने चाहिए।

अंबेडकर नगर विधायक राकेश पांडेय ने कहा कि कार्यक्रम में शामिल जिले के इतने लोग ही संकल्पित होकर समाज के कल्याण का मार्ग प्रशस्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यहां कोई किसी प्रलोभन में नहीं आया है। इसका मतलब है कि समाज में बदलाव की सोच विकसित हो रही है।

वहीं कार्यक्रम संयोजक वीरेंद्र शुक्ल ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद, पं. प्रताप नारायण मिश्र, महाप्राण सूर्यकांत त्रिपाठी निराला व हिंदी पत्रकारिता के जनक का गृह जिला प्रदेश के साथ देश की राजनीतिक स्थितियां बदलने की कूबत रखता है। इसीलिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने यहां मकूर गांव पहुंचकर फारवर्ड ब्लाक की स्थापना करते हुए विशंभर दयाल त्रिपाठी को संस्थापक महासचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी थी। संचालन संजीव त्रिवेदी ने किया।

इससे पहले आयोजकों की ओर से चयनित पूर्व बार अध्यक्ष गिरीश चंद्र मिश्र, पूर्व ब्लाक प्रमुख शिवाकांत शुक्ल, डा. तारकेश्वर पांडेय, डा. मदन तिवारी, रेनू तिवारी, शैलेंद्र शुक्ल, आचार्य संपूर्णानंद पाठक व इंद्रेश शुक्ल आदि दो दर्जन से अधिक लोगों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर संजीव त्रिवेदी, राहुल पांडेय, सिद्धांत अवस्थी व  अमित शुक्ल आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार