Kanpur Dehat News : अन्ना मवेशी की मौत, विहिप व बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा, दो घंटे सड़क जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात में अन्ना मवेशी की मौत पर हंगामा कर दो घंटे सड़क जाम।

कानपुर देहात में अन्ना मवेशी की मौत पर विहिप व बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दो घंटे सड़क जाम की। अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।

कानपुर देहात, अमृत विचार। मंगलपुर में दुर्घटना में घायल अन्ना मवेशी की मौत की जानकारी पर बंजरग दल और विहिप कार्यकर्ता जौरवा गांव पहुंचे। उन्होंने मवेशी का शव संदलपुर-मंगलपुर मार्ग पर रखकर हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। सूचना पर तहसीलदार व पुलिस मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। करीब दो घंटे तक जाम से लोगों को आवागमन में दिक्कत उठानी पड़ी।

मंगलपुर थाना क्षेत्र के जौरवा गांव के पास संदलपुर-मंगलपुर मार्ग पर सोमवार की सुबह एक अन्ना मवेशी को डंपर ने टक्कर मारी दी थी। जिससे वह घायल हो गया था। जानकारी पर विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे तो मवेशी मृत मिला। जिसपर वह ग्राम प्रधान के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग करने लगे। साथ ही मवेशी का शव संदलपुर-मंगलपुर मार्ग पर रखकर हंगामा करते हुए जाम लगा दिया।

सूचना पर सिकंदरा तहसीलदार प्रिया सिंह, संदलपुर बीडीओ धनप्राप्त यादव, मंगलपुर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का का आश्वासन देकर विहिप व बजरंग दल कार्यकर्ताओं को शांत कराया। अधिकारियों ने जाम खुलवाकर मृत मवेशी का पोस्टमार्टम कराकर गौशाला परिसर में दफन कराया। करीब दो घंटे जाम लगने से लोगों को कुछ दिक्कत जरूर उठानी पड़ी।

अधिकांश वाहन संपर्क मार्गों से होकर निकले। सिकंदरा तहसीलदार ने बताया कि जाम को खुलवाकर यातायात बहाल करा दिया गया है। कर्मचारियों को खुले में घूमने वाले गोवंश पकड़कर गौशाला में संरक्षित करने के निर्देश दिए गए हैं।

गौशाला में बदहाल पड़ी व्यवस्थाएं

संदलपुर ब्लाक की ग्रामसभा लौवा के मजरा जौरवा की गौशाला में व्यवस्थाएं बदहाल पड़ी हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि चारा-पानी न मिलने के कारण भूख और बीमारी से आए दिन गोवंशों की मौत हो रही हैं। जिम्मेदारों की लापरवाही के कारण केयरटेकर भी गौशाला में दो-तीन दिन में ही जाता है। नियमित साफ-सफाई न होने से परिसर में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। बीडीओ ने मामले में कार्रवाई की बात कही है।

संबंधित समाचार