Kanpur: सोमवार बना काल, गंगा में तीन व तालाब में डूबने से एक की मौत, चचेरी बहन को बचाने में भाई ने लगाई छलांग
कानपुर में चार लोगों की डूबने से मौत हो गई।
कानपुर में सोमवार के दिन गंगा में नहाने के दौरान तीन व तालाब में डूबने से एक की मौत हो गई। हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने जांच शुरू की।
कानपुर, अमृत विचार। शिवराजपुर थाना क्षेत्र के पांण्डे निवादा गांव निवासी भरत कुमार शुक्ला का 20 वर्षीय पुत्र गोविंद और सतीश कुमार शुक्ला का 21 वर्षीय पुत्र मयंक गांव के ही अपने दो अन्य साथियों निकुंज और संदीप के साथ बिल्हौर थाना क्षेत्र में हटिया गांव के किनारे स्थित गंगेश्वर घाट पर
सावन मास के अंतिम सोमवार को सुबह गंगा स्नान करने के लिए पहुंचे थे। गंगा स्नान करते समय गोविंद और मयंक गंगा तट पर बनी पुलिया से अचानक गहराई में कूद गए और डूबने लगे। यूवकों को डूबता देख गंगा तट पर अफरातफरी मच गई। जानकारी पाकर कुछ ही देर में निकट के गांव से गोताखोर मौके पर पहुंच गए और गंगा में उतरकर युवकों की तलाश शुरू की और दोनो को तलाश कर बाहर निकाल लिया।
इसी बीच मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा दोनो युवकों को आनन फानन में बिल्हौर सीएचसी ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनो को अमृत घोषित कर दिया गया। एक ही परिवार के दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिवारिक जनों में चीख-पुकार मच गई। पारिवारिक जनों द्वारा युवकों का पोस्टमार्टम कराने से मना करने पर पुलिस द्वारा पंचनामे की कार्यवाही पूरी कर शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
तालाब में नहाने के दौरान बच्चा डूबा, मौत
दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गए आठ वर्षीय बच्चे की तालाब में डूब कर मौत हो गई। बच्चे को डूबता देख भयभीत साथी बिना किसी को बताए मौके से भाग गए। काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने तलाश शुरू की तो बच्चे के कपड़े तालाब किनारे पड़े मिले। खोजबीन करने पर बच्चे का शव तालाब में डूबा मिला। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर गुजैनी पुलिस मौके पर पहुंची।
बर्रा आठ वरुण विहार निवासी संतोष वाल्मीकी पत्नी गोमती व दो बच्चे यश (10) व विराज (8) के साथ रहते थे। संतोष प्राइवेट फैक्ट्री में कार्यरत है। गोमती ने बताया कि सोमवार सुबह विराज दोस्तों के साथ घर के बाहर खेल रहा था। खेलने के दौरान विराज दोस्तों के साथ पास ही स्थित तालाब में नहाने के लिए चला गया। नहाने के दौरान विराज तालाब में डूबने लगा। विराज को डूबता देख साथ में नहा रहे दोस्त भयभीत होकर भाग निकले।
काफी देर तक घर न पहुंचने गोमती विराज की तलाश करते हुए तालाब के पास पहुंची तो उसके कपड़े तालाब किनारे पड़े मिले। परिजनों को आशंका होने पर खोजबीन शुरु हुई तो विराज का शव तालाब में मिला। विराज का शव मिलते ही गोमती बेसुध होकर गिर पड़ी। सूचना पर गुजैनी पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है।
चचेरी बहन को बचाने में भाई डूबा
बिठूर थानाक्षेत्र के सुंदर घाट पर गंगा में डूब रही चचेरी बहन को बचाने के लिए गंगा में भाई कूद गया। स्थानीय लोगों ने बहन को तो बचा लिया, लेकिन भाई गंगा की लहरों में समा गया। काफी खोजबीन करने के बाद भी भाई का कुछ पता न चला।
बहलोलपुर मंधना निवासी भारत गैस एजेंसी संचालक राजीव दुबे उर्फ राजा पांडेय का इकलौता बेटा उज्ज्वल दुबे (13) सावन के आखिरी सोमवार पर गंगा स्नान करने के लिए सगी बड़ी बहन आयुषी और चचेरी बहन साक्षी (23) के साथ बिठूर गया था। हालांकि गोताखोर किशोर की तलाश में जुटे है।
