राजकीय औद्योगिक आस्थान के फायर हाईड्रेंट की दें रिपोर्ट : डीएम
लखनऊ, अमृत विचार। तालकटोरा स्थित राजकीय औद्योगिक आस्थान का निरीक्षण करें और फायर हाईड्रेंट लगवाने की रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। यह निर्देश जिलाधिकारी सूर्य पाल गंगवार ने जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक में दिए। मंगलवार को जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में विभागों व उद्यमियों के साथ बैठक की। जिसमें सबसे पहले निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का संज्ञान लेकर निस्तारित करने के निर्देश और लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
बैठक में तालकटोरा स्थित राजकीय औद्योगिक आस्थान में स्थापित दो लाख लीटर की क्षमता वाले अंडर ग्राउंड टैंक पर फायर हाईड्रेंट की जानकारी की। जो न लगने पर अग्निशमन विभाग, जल संस्थान व यूपीएसआईसी को 3 सितंबर को सुबह 11 बजे संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए और उसी दिन आख्या मांगी। इसके अलावा यूपीएसआईसी द्वारा पेयजल के लिए डाली गई नई पाइप लाइन की जानकारी की, जिसे जल संस्थान की लाइन से जोड़कर आपूर्ति कराने के निर्देश दिए। यह कार्य भी 3 सितंबर तक पूरा करने का समय दिया।
पिछले बैठक में दिए निर्देशों के क्रम अफसरों ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र अमौसी व नादरगंज में इकाइयों द्वारा विद्युतीकरण की मांग पर नगर निगम द्वारा 74 स्ट्रीट लाइटें लगवाई हैं। साथ ही अतिक्रमण हटाया गया है। बैठक में सीडीओ रिया केजरीवाल, एलडीएम मनीष पाठक, उद्योग केंद्र, नगर निगम, बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ अमौसी, चिनहट व गोयला औद्योगिक क्षेत्र के एसोसियेशन के पदाधिकारी रहे।
ये भी पढ़ें -प्रयागराज : एटीएम कार्ड बदलकर 41 हजार रुपए उड़ाए, मैसेज देख उड़े होश
