UP T-20 League: यूपी लीग का पहला मैच आज, कानपुर सुपर स्टार से भिड़ेगी नोएडा सुपर किंग्स, फिल्मी स्टार बढ़ाएगे मनोरंजन
कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में यूपी लीग आज से शुरू।
कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में यूपी लीग आज से शुरू हो रही। लीग के पहले मैच में कानपुर सुपर स्टार से नोएडा सुपर किंग्स की टीम भिड़ेगी। जिसके लिए दूधिया रोशनी से स्टेडियम नहा उठा।
कानपुर, अमृत विचार। ग्रीन पार्क स्टेडियम में बुधवार को यूपी टी -20 लीग के उद्घाटन समारोह और दूधिया रोशनी में कानपुर सुपर स्टार और नोएडा सुपर किंग्स की टीमों के बीच होने वाला पहला क्रिकेट मुकाबला देखने के लिए दर्शकों को शाम 4:30 बजे से प्रवेश देना शुरू किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में फिल्मी सितारों टाइगर श्रॉफ, अमीषा पटेल और कार्तिक आर्यन के जलवों के साथ एंकर मनीष पॉल और मीत ब्रदर्स के गीतों की धमाकेदार प्रस्तुति सायं 5.30 बजे से होगी, जबकि मैच का समय 7.30 बजे है।
बीसीसीआइ के कसल्टेंट क्यूरेटर शिव कुमार ने बताया कि ग्रीनपार्क की पिच गेंदबाजों के साथ बल्लेबाजों के लिए मददगार साबित होगी। इसके चलते धमाकेदार बल्लेबाजी में चौकों – छक्कों की बरसात के साथ गेंदबाजों को विकेट चटकाने का भी पूरा मौका मिलेगा। पहले मुकाबले के लिए कानपुर सुपर किंग्स की टीम युवा खिलाड़ियों से भरी हुई है।
इसमें कप्तान अक्शदीप नाथ, अंकित राजपूत, समीर रिजवी, आदर्श सिंह जैसे खिलाड़ी किसी भी टीम के लिए चुनौती पेश कर सकते हैं। इसके दूसरी ओर नोएडा सुपर किंग्स की टीम में युवा जोश के साथ अनुभव का बेहतर तालमेल है।
कप्तान नीतीश राणा के साथ भारतीय टीम के तेज गेंदबाज और स्विंग मास्टर कहे जाने वाले भुवनेश्वर कुमार, सौरभ कुमार, समर्थ सिंह, अलमास शौकत, प्रशांत वीर जैसे खिलाड़ी किसी भी टीम के गेंदबाजी और बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर सकते हैं। इसे देखते हुए माना जा रहा है कि कानपुर और नोएडा के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा।
टीमें इस प्रकार हैं:
कानपुर सुपर स्टार : अक्शदीप नाथ, अंकित राजपूत, समीर रिजवी, आकिब खान, जसमेर धनकर, अंश यादव, आदर्श सिंह, राहुल राजपाल, सानू सैनी, प्रशांत चौधरी, विनीत पनवार, प्रांजल, कुशाग्र शर्मा, विवेक, अजय कुमार, रिषभ राजपूत, शिवम सारश्वत, कार्तिक यादव, विशाल पांडेय, शुभ खन्ना।
नोएडा सुपर किंग्स : नितीश राणा, भुवनेश्वर कुमार, सौरभ कुमार, समर्थ सिंह, अलमास शौकत, प्रशांत वीर, आदित्य शर्मा, नमन तिवारी, कुनाल त्यागी, अर्जुन भारद्वाज, किशन, शिवेन मल्होत्रा, चैतन्य परासर, शांतनु, ओशो मोहन, मो. जावेद, मनीष सोलंकी, रोहित द्विवेदी, तरुण, नीलोत्पलेंद्र प्रताप।
आज दोपहर एयरपोर्ट आएंगे फिल्मी सितारे
टाइगर श्रॉफ और हरमीत सिंह कानपुर एयरपोर्ट पर दोपहर 12 बजे पहुंचेंगे। इसके बाद मनीष पॉल, मनमीत सिंह, खुशबू ग्रेवर और अमीषा पटेल दोपहर 1:50 बजे कानपुर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। सायं पांच बजे सभी सितारे ग्रीनपार्क स्टेडियम में पहुंच जाएंगे।
