पीलीभीत: किसान पर झपटा बाघ तो मचान पर चढ़कर बचाई जान..पटाखे दागकर खदेड़ा
पीलीभीत/माधोटांडा, अमृत विचार। खेत पर सिंचाई कर रहे किसान पर नजदीक के जंगल से निकलकर आए बाघ ने अचानक हमला कर दिया। बाघ के झपट्टा मारने पर किसी तरह किसान ने खुद को बचाया और खेत पर बनी मचान पर चढ़ कर शोर मचाया। कुछ ही देर में जमा हुए ग्रामीणों ने पटाखे दागे और शोर मचाकर बाघ को खदेड़ा। जिसके बाद बाघ वापस जंगल की ओर चला गया। ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाए।
साथ ही वन्यजीवों की जंगल के बाहर दस्तक रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई। बाघ को पटाखे दागकर खदेड़ते हुए का वीडियो भी किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जिसमें बाघ जंगल की तरफ वापसी करता दिखाई दे रहा है।
बताते हैं कि थाना माधोटांडा क्षेत्र के ग्राम गांव रानीगंज निवासी शंकर लाल का मथना जप्ती के पास खेत है। खेत से कुछ ही दूरी पर जंगल है। बुधवार सुबह वह अपने खेत पर खड़ी धान की फसल में सिचाई कर रहे थे। नजदीक की झाड़ियों में ही बाघ छिपा बैठा था। बाघ अचानक बाहर निकला और खेत पर काम कर रहे किसान पर झपट्टा मारा। हालांकि किसान इसमें बच गया और खेत पर बनी मचान पर जाकर बैठ गया।
वहीं से शोर मचाकर आसपास के खेतों पर काम कर रहे ग्रामीणों को जमा कर लिया। दर्जनों ग्रामीण लाठी डंडे फटकारते हुए आ गए। पटाखे भी दागे गए। जिसके बाद बाघ को खेत में खदेड़ते हुए वापस जंगल की ओर भेजा जा सका। तब जाकर किसान की जान बच सकी। इसकी सूचना वन विभाग को दी गई लेकिन आरोप है कि कोई मौके पर पहुंचा ही नहीं। इस रवैये को लेकर भी ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। बाघ को खदेड़ते वक्त किसी ने इसका वीडियो बना लिया था, जोकि कुछ देर बाद ही सोशल मीडिया पर वायरल होता रहा।
ये भी पढे़ं- पीलीभीत: हापुड़ कांड के विरोध में गरजे अधिवक्ता, डीएम-एसपी और सीओ पर कार्रवाई की मांग
