अनोखी पहल : बच्चों ने अपनी गोलक में जमा किए पैसे जरूरतमंद साथियों पर किए खर्च
पिहानी/ हरदोई, अमृत विचार। कभी-कभी बच्चें कुछ ऐसा कर गुज़रते हैं कि जो कभी बड़ों ने सोंचा भी नहीं होगा। कस्बे के ताहिर पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने एक अनोखी पहल की नींव रखी है। उन्होंने अपने निजी खर्च को कम कर ज़रूरतमंद साथियों की मदद करने के इरादे से स्कूल में अपनी अलग-अलग गोलक रखी और ज़रूरतमंद व गरीबों बच्चों की मदद करने के लिए अपने हाथ आगे बढ़ाएं हैं। उन्होंने उसी पैसों से 25 ज़रूरतमंद बच्चों को स्कूल ड्रेस, जूते, कापी-किताबें व अन्य सामान वितरित किया। बच्चों के इस काम की हर कोई तारीफ करता घूम रहा है।
विद्यालय के प्रबंधक सैफ हसन ज़ैदी ने कहा कि आज के दौर में शिक्षा पर खर्च बढ़ रहा है कई परिवार ऐसे हैं जो अपने बच्चों को पढ़ा नहीं सकते। उन असहाय व ज़रूरतमंद परिवारों के बच्चों की शिक्षा में मदद के लिए विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने यह अनूठी पहल की है, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि वह गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए एवं अन्य सामाजिक कार्यों के लिए आगे आएं।
विद्यालय के शोज़ब ज़ैदी ने कहा कि मुख्य उद्देश्य गरीब व ज़रूरतमंद बच्चों की शिक्षा में मदद करना है। इसी कड़ी में इस अनूठी पहल कार्यक्रम की शुरुआत की गई है जो समाज के लिए एक मिसाल है।इसके अलावा ज़रूरतमंद बच्चों की चिकित्सा आदि की भी मदद की जाएगी। प्रत्येक व्यक्ति को सामाजिक भलाई के कार्य करने चाहिए। इससे पुण्य एवं मानसिक शांति व संतुष्टि मिलती है। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवीण पाण्डेय ने कहा कि बच्चे भगवान का रूप होते हैं, इसलिए गरीब बच्चों की शिक्षा में मदद करना पुण्य का कार्य होता है।
उन्होंने इस अनूठी पहल कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि लोगों के लिए यह प्रेरणादायक है। कार्यक्रम में प्रबंधक सैफ ज़ैदी, प्रधानचार्य प्रवीण पाण्डेय, समर , संजीव फैज़ान, एकता , नाज़िया,गीता मेम, कृतिका व स्टाफ स्टाफ मौजूद रहा।
ये भी पढ़ें -Hapur Lathicharge : सवायजपुर में अधिवक्ताओं ने किया प्रदर्शन, हड़ताल की दी चेतावनी
