रामपुर: पानी की टंकी के निर्माण को लेकर खेमपुर में प्रधान एवं पूर्व प्रधान गुट में फायरिंग, एक की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

राजस्व टीम की मौजूदगी में टंकी निर्माण को लेकर हुआ था विवाद, प्रधानपति हिरासत में, फायरिंग और पथराव में छह घायल जिला अस्पताल में भर्ती

रामपुर, अमृत विचार। अजीमनगर थाना क्षेत्र के गांव खेमपुर में पानी की टंकी के निर्माण को लेकर प्रधान और पूर्व प्रधान के पक्ष आमने-सामने गए। राजस्व कर्मियों की मौजूदगी में दोनों पक्षों में जमकर फायरिंग और पथराव हुआ। इस बीच गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि पथराव में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद मौके पर कई थानों की पुलिस तैनात कर दी गई। पुलिस ने प्रधानपति समेत कई को हिरासत में लिया है।

मामला थाना क्षेत्र के खेमपुर गांव का है। अजीमनगर थाना क्षेत्र के गांव खेमपुर में पानी की टंकी का निर्माण होना है। टंकी के निर्माण के लिए साप्ताहिक बाजार में ग्राम समाज की जमीन चिन्हित की गई है। बुधवार को कानूनगो अनूप सिंह व जल निगम के अधिकारी गांव में मौका मुआयना के लिए पहुंचे थे।  एक पक्ष का कहना था, टंकी के निर्माण में पेड़ों को नहीं काटा जाए जबकि प्रधान पक्ष के लोग पेड़ काटे जाने की बात कह रहे थे।

इसी बात को लेकर राजस्व टीम की मौजूदगी में पूर्व प्रधान एवं मौजूदा प्रधान पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। मौके पर जमकर मारपीट शुरू हो गई। साथ ही पथराव भी शुरू हो गया। इस बीच एक पक्ष के लोगों ने असलहे लहरा दिए और फायरिंग शुरू कर दी। एक पक्ष की गोलीबारी में पूर्व प्रधान पक्ष के खुर्शीद (55) के गोली लग गई।

जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। खुर्शीद को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी लगते ही सीओ टांडा ओमकार नाथ शर्मा मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने इस बीच प्रधानपति फिरोज समेत कई लोगों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद गांव में अजीमनगर के अलावा कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।

सरकारी पानी की टंकी का निर्माण होना था। जिसे पूर्व और मौजूदा प्रधान दोनों अलग अलग बनवाना चाह रहे थे। जिसको लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। प्रधानपति फिरोज की ओर से चलाई गई गोली से खुर्शीद की मौत हो गई। प्रधानपति को गिरफ्तार कर लिया है। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया है। - डा. संसार सिंह, एएसपी।

ये भी पढ़ें : रामपुर : ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्र को रौंदा, पिता ने तोड़ा दम...परिवार में मचा कोहराम

संबंधित समाचार