मुरादाबाद : पार्टी नेताओं के बड़बोलेपन से कांग्रेस की फजीहत, जानिए पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष व वर्तमान में पीसीसी सदस्य पंडित देशराज शर्मा ने सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ तहरीर दी

तीन दिन कांग्रेस के दो नेताओं ने सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य पर साधा निशाना

मुरादाबाद,अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के बड़बोलेपन का रोग जिले में कांग्रेस नेताओं को लग गया है। इससे जिले में लोकसभा चुनाव से पहले ही इंडिया गठबंधन में दरार दिख रही है। इससे कांग्रेस की फजीहत भी हो रही है। सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा हिंदू धर्म और देवी देवताओं के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने से जिले में कांग्रेस के कुछ नेता बेहद आहत हैं और उन्हें कतई बख्शने के मूड में नहीं हैं। चंद दिन पहले कांग्रेस मानवाधिकार विभाग के जिलाध्यक्ष गंगाराम शर्मा ने स्वामी प्रसाद मौर्य की जीभ काटने वाले को 10 लाख रुपये इनाम देने की घोषणा दी थी।

हालांकि अगले ही दिन पार्टी के जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद ने इस बयान को उनकी निजी राय बताते हुए पार्टी से कोई सरोकार न होने की बात कही। जिस पर गंगाराम शर्मा ने अपना बयान वापस लेने की घोषणा कर दी। मगर एक दिन बाद ही अब कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष और वर्तमान में पीसीसी सदस्य पंडित  देशराज शर्मा ने सपा नेता के हिंदू धर्म विरोधी बयान को लेकर उनके खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सिविल लाइंस थाने में प्राथमिकी दर्ज करने की तहरीर देकर मामले को तूल दे दिया है। जिससे कांग्रेस फिर असहज हो गई है। उनका कहना है कि सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्या हिंदुओं के धर्मग्रंथों, देवी देवताओं का अपमान कर रहे हैं। उनके खिलाफ कड़ी कारवाई होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी प्रसाद के रामचरितमानस व अन्य हिंदू धार्मिक ग्रंथ पर टिप्पणी करने से वह एक हिंदू और ब्राह्मण होने के चलते बहुत आहत और व्यथित हैं। उनके खिलाफ सिविल लाइंस थाने में कारवाई के लिए तहरीर देकर मैने हिंदू और ब्राह्मण धर्म का पालन किया है। जब उनसे सवाल किया गया कि अभी जल्द ही विपक्ष ने आगामी लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी और भाजपा को हराने के लिए इंडिया गठबंधन बनाया है। तो क्या ऐसे बयानों से सपा और कांग्रेस के रिश्ते खराब होने से इंडिया गठबंधन में दरार पड़ेगा और विपक्षी एकता खत्म होगी तो  पीसीसी सदस्य ने दो टूक कहा कि हिंदू धर्म, उसके धर्मग्रंथों, देवी देवताओं का अपमान वह किसी कीमत पर सहन नहीं करेंगे। इस मामले में कांग्रेस पार्टी का क्या रुख होगा उससे फर्क नहीं पड़ता। वह हिंदू धर्म का अपमान करने वाले के खिलाफ पूरी दमदारी से लड़ेंगे चाहे कोई कीमत चुकानी पड़े। 

वहीं इस मामले में कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष अनुभव मेहरोत्रा का कहना है कि गंगाराम शर्मा ने अपना बयान वापस ले लिया था। पंडित देशराज शर्मा द्वारा सपा नेता के खिलाफ कारवाई करने के लिए तहरीर देने की जानकारी पार्टी के प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व को दी जा रही है। पार्टी लाइन के खिलाफ जाने वालों पर पार्टी नेतृत्व निर्णय लेगी।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों का मंडल के शिक्षकों को मिला इनाम 

संबंधित समाचार