बरेली: अक्टूबर से एयरपोर्ट में आने लगेंगे 180 सीटर विमान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सिविल एयरपोर्ट प्रबंधन यात्री सुविधाओं को और बढ़ाने में जुटा है। अक्टूबर से वायुसेना के रन-वे से टैक्सी-वे के जरिए सीधे 180 सीटर विमान एयरपोर्ट के एप्रन तक आना-जाना शुरू कर देंगे।

वायुसेना स्टेशन के रन-वे तक टैक्सी-वे के निर्माण का कार्य सितंबर में पूरा होने की उम्मीद है। वायुसेना स्टेशन परिसर में जो 47 मीटर के हिस्से में टैक्सी-वे का निर्माण फंसा था, निर्माण का रास्ता साफ होने के बाद अब उसे पूरा कराया जा रहा है। निर्माण पूरा होने पर कई शहरों के लिए नई उड़ानें शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।

148 मीटर के एरिया में निर्माण पहले ही पूरा हो चुका है। एयरपोर्ट की सीमा से लेकर वायुसेना के रन-वे तक करीब 195 मीटर एरिया में टैक्सी-वे का निर्माण होना था। यह कार्य पूरा होने के बाद इंडिगो के 180 सीटर विमान सीधे एयरपोर्ट के एप्रन तक पहुंचना शुरू हो जाएंगे, इससे जहां यात्रियों के समय में काफी बचत होगी। एयरवेज कंपनी को भी वायुसेना के रन-वे से बस के जरिए यात्रियों को एयरपोर्ट तक लाना नहीं पड़ेगा।

 इस व्यवस्था में एयरवेज कंपनी को अतिरिक्त धन खर्च करना पड़ रहा है, लेकिन 180 सीटर विमान के एयरपोर्ट परिसर में आने से इसकी बचत होगी। वहीं, एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि 47 मीटर के टुकड़े में निर्माण की अनुमति मिलने के बाद कार्यदायी संस्था कार्य तेजी से करा रही है। निर्माण कार्य सितंबर तक पूरा होने की उम्मीद है।

टैक्सी-वे के चालू होते ही बरेली को लखनऊ से जोड़ने की प्राथमिकता
एयरपोर्ट की सीमा से वायुसेना स्टेशन के रन-वे तक टैक्सी-वे निर्माण के बाद लखनऊ, अमृतसर समेत दक्षिण भारत के कई शहरों के लिए उड़ानें शुरू होने की उम्मीद है। इसमें सबसे पहली प्राथमिकता लखनऊ को बरेली से जोड़ने की बताई जा रही है। कई एयरवेज कंपनियां बरेली आना चाहती हैं लेकिन विमान के अंदर नहीं आने की वजह से वे यहां नहीं आ रही थीं। अब उन्हें विमान अंदर आने की सुविधा मिलेगी तो उनके उड़ान शुरू कराने की उम्मीद और भी बढ़ जाती है।

एयरपोर्ट परिसर में बनाए गए हैं दो नए एप्रन
टैक्सी-वे निर्माण शुरू होने से पहले एयरपोर्ट परिसर में दो नए एप्रन का निर्माण कराया गया, इनमें 180 सीटर विमान खड़े होंगे, अभी तक एयरपोर्ट में एक ही एप्रन था, उसमें 72 सीटर विमान ही पार्क हो पाता था। नए एप्रन बनने से सुबह और शाम को भी बरेली से उड़ान शुरू होने की संभावना बढ़ गई है।

अभी चार शहरों के लिए ही उड़ानें
अभी बरेली एयरपोर्ट से दिल्ली, बेंगलुरु, मुंबई और जयपुर के लिए उड़ानें हैं। एक तरह से बरेली से दो शहरों के लिए रोज उड़ान हैं। पिछले साल अगस्त में लखनऊ शहर के लिए उड़ान शुरू कराने के लिए एलाइंस एयर ने तैयारी की थी, लेकिन उनके पास विमान की कमी थी, इस वजह से कंपनी उड़ान शुरू नहीं कर सकी थी।

180 सीटर विमान के एप्रन तक आने पर नई उड़ानें शुरू होने पर विचार
इंडिगो के एक प्रतिनिधि के अनुसार अक्टूबर से 180 सीटर विमान के एयरपोर्ट के एप्रन तक आने की उम्मीद है, इसके बाद से इंडिगो एयरवेज कंपनी नई उड़ानें शुरू करने के संबंध में विचार करेगी। अभी विमान ही अंदर नहीं आ पा रहा है, इसलिए नई उड़ानों की तरफ कंपनी ने नहीं सोचा।

ये भी पढे़ं- बरेली: शिक्षकों ने घर-घर मुहिम चलाई... बच्चे बीच में न छोड़े पढ़ाई

 

 

संबंधित समाचार