शाहजहांपुर: मासूम बच्ची को स्टेशन पर पटककर चोर ने मार डाला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार।  रेलवे स्टेशन परिसर में बुधवार की रात में बच्चा चोर आठ माह की बच्ची को चुरा लिया। उसकी मां ने शोर मचाया तो लोगों ने चोर का पीछा किया। चोर ने बच्ची को जमीन पर पटककर मार डाला। लोगों ने बच्चा चोर को पकड़ लिया और जीआरपी के सुपुर्द कर दिया।

हरदोई जिले के देहात कोतवाली के मोहल्ला पिहानी चुंगी निवासी वैशाली के एक बेटा किशन व आठ माह की बेटी प्रीति है। वह स्टेशन रोड पर भीख मांगकर अपना गुजारा करती है। बुधवार की रात स्टेशन के सरकुलेटिंग एरिया में डिवाइडर पर अपनी आठ माह की बेटी प्रीति को लेकर सो रही थी।

रात तीन बजे बच्चा चोर उसके पास आया और उसकी बेटी को चुराकर चल दिया। वैशाली की अचानक नींद खुल गई तो देखा कि उसकी बेटी को एक युवक लेकर जा रहा है। महिला ने शोर मचाया कि उसका बच्चा चुराकर ले जा रहा है। स्टेशन परिसर में मौजूद राहगीरों व ई-रिक्शा चालकों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया।

चोर ने बच्ची को जमीन पर पटक दिया, जिससे बच्ची बेहोश हो गई। लोगों ने चोर को पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान खबर सुनकर जीआरपी के दरोगा व सिपाही मौके पर पहुंच गए और चोर को पकड़कर थाने पर ले आए। इधर जीआरपी ने घायल बच्ची को उसकी मां के साथ जिला अस्पताल भेज दिया।

जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया। जीआरपी थाना प्रभारी रेहान खां ने बताया कि मृतका बच्ची की मां वैशाली की तरफ से आरोपी अशोक निवासी आयूं थाना सिंधौली के खिलाफ  रिपोर्ट दर्ज करके आरोपी का चालान कर दिया गया।

रेलवे स्टेशन के सरकुलेटिंग एरिया में वैशाली नामक महिला अपने आठ माह की बेटी को लेकर रात में सो रही थी। एक युवक उसकी बेटी हो उठाकर चल दिया। महिला ने शोर मचाया तो आरोपी अशोक ने बच्ची को जमीन पर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
- ऋषिकेश यादव, सीओ द्वितीय रेलवे अनुभाग लखनऊ

पति तीन माह से जेल में बंद
पीड़िता वैशाली ने बताया कि उसकी पहली शादी कन्नौज में हुई थी। उससे एक पांच साल का बेटा किशन है। उसके पति ने कई साल पहले मारपीट करके घर से निकाल दिया था। उसका मायका हरदोई जिले में है।

वह यहां चली आई। उसकी मुलाकात यहां एक महिला से हुई और वह उसकी सहेली बन गई। उसने अंकित से मुलाकात करायी। दोनों ने दो साल पहले पहले शादी कर ली थी। अंकित से आठ माह की बेटी प्रीति थी। उसके पति का तीन माह पहले पुलिस ने किसी मामले में चालान करके जेल भेज दिया था। वह बच्चों को लेकर स्टेशन पर रह रही थी। मेरे लिए बेटी सब कुछ थी।

एक युवक का गला दबाने का किया प्रयास
आरोपी अशोक को एक युवक ने पकड़ने का प्रयास किया। आरोपी ने उसका गला दबाने का प्रयास किया। सरकुलेटिंग एरिया में खड़े ई-रिक्शा वाले दौड़ पड़े लोगों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, तो लोगों के साथ मारपीट करने लगा। लोगों ने बमुश्किल से उसे पकड़ पाया। लोगों ने जमकर उसकी ठुकाई कर दी। जीआरपी के सुपुर्द कर दिया। यदि वह न पकड़ा जाता तो जीआरपी के लिए यह घटना सिरदर्द बन जाती है।

2014 में भी हो चुकी घटना
आठ साल पहले एक महिला अपने सात माह के बेटे को लेकर प्लेटफार्म एक पर सो रही थी। रात में उसका बेटा चोरी हो गया था। उस समय एसओ जयशंकर सिंह थे। घटना को लेकर लखनऊ से जीआरपी के अधिकारी भी आ गए थे। जीआरपी ने बच्चे को मथुरा से एक व्यक्ति के घर से बरामद किया था और आरोपी ने बरामद कराया था। उसने बच्चे को दो लाख रुपये में बेच दिया था। वह औरत भी घुमन्तू थी।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी टक्कर, भाई की मौत...बहन घायल

संबंधित समाचार