शाहजहांपुर: डिलीवरी के दौरान नवजात की मौत, परिजनों ने काटा हंगामा
शाहजहांपुर/खुटार, अमृत विचार। नगर के एक प्राइवेट अस्पताल में बदइंतजामी के चलते डिलीवरी के दौरान नवजात शिशु की मौत हो गई। इसके बाद भी डॉक्टर ने महिला को अस्पताल से छुट्टी नहीं दी और छह दिनों से अस्पताल में भर्ती रखा। महिला के परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नवजात की मौत का जिम्मेदार ठहराया है। बृहस्पतिवार को परिजनों ने डॉक्टर के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा काटा। इस मामले में अधिकारियों को अवगत कराया गया है।
क्षेत्र के गांव मोहनपुर निवासी संतराम की पत्नी शांति देवी ने बताया कि उनकी बहू डाली देवी गर्भवती थी। 26 अगस्त को प्रसव पीड़ा होने पर खुटार गोला मार्ग पर स्थित एक निजी अस्पताल में ले गए थे। जहां डॉक्टर ने डिलीवरी होने के लिए बहू को अस्पताल में भर्ती कर लिया था। उसी रात डॉक्टर ने डिलीवरी की और नवजात शिशु की मौत हो गई थी। आरोप है कि डॉक्टर की लापरवाही के कारण नवजात शिशु की मौत हुई थी। जबकि बाहर से दरवाजे बंद कर रखे थे। कई बार दरवाजे खोलने का प्रयास किया और आवाज दी। इसके बावजूद किसी ने नहीं सुना।
बाद में देखा कि नवजात शिशु जमीन पर पड़ा था। डॉक्टर ने बहू की हालत खराब होने की बात कहकर भर्ती कर रखा था। बृहस्पतिवार को शांति देवी परिजनों के साथ अस्पताल पहुंची और बहू की छुट्टी के लिए डॉक्टर से कहा। लेकिन डॉक्टर अपनी मनमानी करने पर अड़ा रहा। परिजनों के हंगामा काटने के बाद तमाम लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। इसके बाद डॉक्टर ने महिला को छुट्टी दे दी। परिजनों का कहना है कि डॉक्टर की लापरवाही से बहू की हालत बिगड़ गई और नवजात शिशु की मौत हुई है।
डिलीवरी के लिए मांगे थे 32 हजार रुपये
संतराम की पत्नी शांति देवी का कहना है कि बहू को अस्पताल में डिलीवरी के लिए ले गए थे। जहां डॉक्टर ने हर सुविधा उपलब्ध होने की बात कही थी और 32 हजार रुपये मांगे थे। लेकिन डिलीवरी के दौरान डॉक्टर की लापरवाही के चलते नवजात शिशु की मौत हो गई। जबकि अस्पताल में महिलाओं की डिलीवरी के लिए कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है।
मामला संज्ञान में आया है। मौके पर पहुंचकर जांच की जाएगी। अगर निजी अस्पताल में डिलीवरी के दौरान नवजात की मौत हुई है, तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।-संजीव कुमार वर्मा, सीएचसी प्रभारी
डिलीवरी के दौरान नवजात की मौत का मामला गंभीर है। टीम गठित कर मौके पर भेजकर जांच कराई जायेगी। जांच के बाद आगे की कार्यवाही की जायेगी।- डॉक्टर आरके गौतम, जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी
ये भी पढे़ं- शाहजहांपुर: मासूम बच्ची को स्टेशन पर पटककर चोर ने मार डाला
