गोताखोर पीछे हटे, गांव वालों ने ढूंढ निकाला शव - गुरुवार को भैंसटा नदी में डूबा था युवक 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई, अमृत विचार। भैंसटा नदी में डूबे युवक को ढूंढने पहुंचें गोताखोर कुछ ही देर में वापस लौट गए। उसके बाद वहां के लोगों ने युवक को ढूंढ निकालने का ज़िम्मा लिया और शुक्रवार की सुबह 20 घंटे बाद उसका शव बरामद किया। मामला कोतवाली देहात के इटौली गांव का है।

बताया गया है कि कोतवाली देहात के इटौली गांव निवासी 30 वर्षीय झंकार सिंह पुत्र नन्हे सिंह गुरुवार की दोपहर को अपने बछड़े को वहीं पास से निकली भैंसटा नदी में नहला रहा था, कुछ दूरी पर नारी का साग लगा था। झंकार उसे तोड़ने पहुंचा,तभी वह गहरे पानी में डूब गया। इसका पता होते ही वहां समूचा गांव इकट्ठा हो गया, पुलिस ने पहुंच कर युवक की तलाश के लिए गोताखोरों को बुलाया, लेकिन देर शाम तक गोताखोर वहां नहीं पहुंच सके थे। पुलिस उनकी राह देखती रही। उसके बाद गोताखोर वहां पहुंचे और कुछ देर तक युवक को ढूंढने के बाद वापस लौट गए। 

उनके जाने के बाद वहीं के कुछ युवक आगे आए और नदी में नाव डाल कर डूबे युवक की तलाश करने लगे। तकरीबन 20 घंटे बाद शुक्रवार की सुबह 10 बजे झंकार सिंह का शव नदी से बरामद किया जा सका। शव बरामद होने की खबर सुन कर वहां काफी भीड़ लग गई। पुलिस ने शव को अपने कब्ज़े में लेते हुए उसका पोस्टमार्टम कराया है।

ये भी पढ़ें -बहराइच : 120 ग्राम स्मैक के साथ एक अभियुक्त गिरफ्तार, 60 लाख बताई जा रही कीमत

संबंधित समाचार