Kanpur Dehat Murder: बड़े ने छोटे भाई की सब्बल मारकर की हत्या, जमीन विवाद में घटना को दिया अंजाम
कानपुर देहात में बड़े ने छोटे भाई की सब्बल मारकर की हत्या।
कानपुर देहात में बड़े ने छोटे भाई की सब्बल मारकर हत्या कर दी। हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी।
कानपुर देहात, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के बेहटा गांव में जमीन के विवाद में बड़े भाई की मझले भाई से कहासुनी हो गई। गुुरुवार देर रात खेत पर बड़े भाई ने सब्बल मार कर मझले भाई की हत्या कर दी। एएसपी ने मौके पर पहुंच कर पड़ताल की। पुलिस ने जेठ समेत तीन लोगों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
मैथा चौकी के बेहटा गांव में रामपाल के पास आठ बीघा खेतिहर भूमि है। उसका मझला बेटा चालक शशिकांत गौतम डीएफसी रेलवे लाइन में अधिकारियांे की गाड़ी चलाता था। वह (30) दो बीघा जमीन मांग रहा था। इसको लेकर गुरुवार रात को बड़े भाई शैलेंद्र उर्फ पिंटू से विवाद हो गया। जिसपर बड़ा भाई शैलेंद्र सब्बल लेकर शशिकांत को मारने दौड़ा तो वह बचने के लिए खेतों की तरफ भागा। लेकिन खेत में बंधे तार से पैर फंस जाने के कारण वह गिर गया।
इसी दौरान शैलेंद्र ने सब्बल से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया और मौके से फरार हो गया। जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया और मृतक की पत्नी ज्योति, बेटी दिव्यांजली, लक्ष्मी आदि का रो रोकर बुरा हाल हो गया। हत्या की सूचना पर कोतवाली शिवली व मैथा चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। देर रात एएसपी राजेश पांडेय व सीओ तनु उपाध्याय ने परिजनों से जानकारी ली। उन्होंने फॉरेंसिक टीम बुलवाकर साक्ष्य संकलित कराए।
कोतवाल शिवनारायण सिंह ने बताया कि भाईयों के बीच पिता की खेती को लेकर विवाद था। जिसको लेकर हत्या हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर जेठ शशिकांत उर्फ पिंटू, ससुर रामपाल व देवर नंदू के विरू़द्ध हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है।
अधिक खून बहने से हुई मौत
जमीनी विवाद में शशिकांत की हत्या के मामले में शुक्रवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। जिसमें मृतक के आठ गंभीर चोट मिली। वहीं चेहरे व सिर की हड्डी टूटी मिली। डॉक्टर ने मौत का कारण अधिक खून बहना व बोन इंजरी फ्रैक्चर बताया है।
---
रिश्तों पर भारी पड़ा जमीनी विवाद
-खून के रिश्तों पर जमीनी विवाद एक बार फिर से भारी पड़ गया। लोगों की माने तो मृतक शशिकांत काफी समय से पिता की जमीन से दो बीघा खेत मांग रहा था। जिसको लेकर करीब दो माह पूर्व भी दोनों भाईयों के बीच विवाद हुआ था और शैलेंद्र ने शशिकांत पर हमला कर घायल कर दिया था, लेकिन ग्राम प्रधान व परिजनों ने बीचबचाव कर उन्हें शांत करा दिया। आए दिन विवाद होने कारण के शशिकात पत्नी और बच्चों के साथ अलग दूसरे घर में रहता था। इसी से पिता व भाई रंजिश मानते थे। दोबारा जमीन मांगने पर शैलेंद्र ने मझले भाई की सब्बल से हत्या कर दी।
