Kannauj: युवक की पीट-पीटकर हत्या, अवैध शराब को लेकर दो पक्षों में हुआ था विवाद, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
कन्नौज में युवक की पीट-पीटकर हत्या।
कन्नौज में युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। हंगामे की आशंका को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया।
कन्नौज, अमृत विचार। बच्चों के बीच हुए विवाद से बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। एक पक्ष के लोगों ने लोहे की रॉड से युवक की पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। मारपीट में सात अन्य लोग भी घायल हुए हैं। पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है अवैध शराब की बिक्री के रुपयों को लेकर विवाद हुआ था।
शहर के मोहल्ला मौसमपुर अल्हड़ में गुरुवार देर शाम बच्चों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बच्चों ने अपने घरों में शिकायत की तो दोनों परिवारों के लोग आमने-सामने आ गए। एक पक्ष से रामजी ने बताया कि दूसरे पक्ष के बौरा व अखिलेश पुत्र कमलेश, चमन व अमन पुत्र करेली, बादल पुत्र अनिल व सुनीता पत्नी अनिल ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।
इन लोगों ने लोहे की रॉड से उनके 19 वर्षीय भांजे अभय पुत्र जितेंद्र के सिर में ताबड़तोड़ कई वार किए। इससे अभय लहूलुहान हो गया। उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां से राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा भेज दिया गया। हालत नाजुक होने पर कानपुर हैलट अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
इसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के घरों पर जमकर पथराव किया। हमले में दूसरे पक्ष के बौरा, अखिलेश, भूरी, रितेश व गीता तथा पीड़ित पक्ष के रामजी व काजल भी गंभीर रूप से घायल हो गए। बौरा को भी राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। रात में ही घटना की सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार अवस्थी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तो ईंट-पत्थर चलते देख उन्होंने और फोर्स बुलाई।
पुलिस ने जब घरों में दबिश दी, तब लोग भागे। वहीं, मोहल्ले में चर्चा है कि अवैध शराब की बिक्री को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, लेकिन पुलिस इसे नकार रही है। पुलिस ने अभय की मामी काजल की तहरीर पर छह लोगों को नामजद करते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
सीओ सिटी डॉ. प्रियंका बाजपेयी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। मोहल्ले में शांति व्यवस्था के लिए पुलिस बल को तैनात किया गया है।
