Chitrakoot से वापस दिल्ली भेजे जाएंगे दोनों पाकिस्तानी परिवार, काम की तलाश में आए थे, दिल्ली तक पुलिसकर्मी रहेंगे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट से वापस दिल्ली दोनों पाकिस्तानी परिवार भेजे जाएंगे।

चित्रकूट से वापस दिल्ली दोनों पाकिस्तानी परिवार भेजे जाएंगे। उच्चाधिकारियों की रिपोर्ट के बाद यह कार्रवाई की जा रही है। इनके साथ पुलिसकर्मी भी दिल्ली तक जाएंगे।

चित्रकूट, अमृत विचार। लगभग 28 दिन चित्रकूट में रहने के बाद पाकिस्तान में रह चुके दो हिंदू परिवारों को अब दिल्ली भेजा जाएगा। उच्चाधिकारियों की रिपोर्ट के बाद यह कार्रवाई की जा रही है। इनके साथ पुलिसकर्मी भी दिल्ली तक जाएंगे।

गौरतलब है कि पाकिस्तान में रहने वाले दो परिवार लगभग डेढ़ साल पहले वहां के हालातों से परेशान होकर दिल्ली पहुंचे थे। दोनों परिवारों में कुल 15 लोग हैं। ये दोनों परिवार काम की तलाश में चार अगस्त को चित्रकूट आए थे और यहां एक समाजसेवी की मदद से संग्रामपुर पहुंचे थे। इनके आने की सूचना के बाद पुलिस ने अपने स्तर पर इनकी जांच कराई थी। पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने पूरे मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी थी।

जानकारी के मुताबिक, अब उच्चाधिकारियों की रिपोर्ट आ चुकी है और इनके खिलाफ किसी तरह का कोई संदिग्ध मामला सामने नहीं आया है। गौरतलब है कि पूछतांछ में पता चला था कि इन परिवारों में से एक का वीजा खत्म हो चुका है और एक का कुछ ही महीने का बचा है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इनकी रिपोर्ट आ चुकी है और उच्चाधिकारियों के निर्देश पर इनको दिल्ली भेजा जाएगा। इनके साथ पुलिसकर्मियों की टीम भी दिल्ली जाएगी।

एसपी ने कराई थी जांच

पुलिस अधीक्षक ने तब अपने स्तर पर भी इन परिवारों की जांच पड़ताल कराई थी। उन्होंने बताया था कि एक परिवार का पिछले साल और एक का इस साल भारत आना हुआ है। एक परिवार का वीजा खत्म हो चुका है और दूसरे परिवार का कुछ ही दिन में खत्म होने वाले है। एसपी ने बताया था कि इन लोगों ने यह भी जानकारी दी है कि भारत में रहने के लिए इन्होंने लांग टर्म वीजा के लिए आवेदन किया है। एसपी के निर्देश पर दोनों परिवारों को संग्रामपुर के पंचायत भवन पर ठहराया गया था।

संबंधित समाचार