Banda में राज्य मंत्री रामकेश निषाद मृतकों के परिजनों से मिले, बोले- सरकार आपके साथ, पांच बच्चों की डूबकर हुई थी मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में मृतकों के परिजनों को मिलकर राज्य मंत्री रामकेश निषाद ने ढाढ़स बंधाया।

बांदा में मृतकों के परिजनों को मिलकर राज्य मंत्री रामकेश निषाद ने ढाढ़स बंधाया। इसके साथ ही उन्होंने सरकार आपके साथ है। पांच बच्चों की नदी में डूबने से मौत हो गई थी।

बांदा, अमृत विचार। जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद ने शुक्रवार को गुरगवां गांव पहुंचकर दिवंगत बच्चों की माताओं को चार-चार लाख रुपये के चेक सौंपे। चेक लेते वक्त मृतक बच्चों की माताओं के आंसू छलक पड़े। राज्य मंत्री भी अपने आपको आंसू नहीं रोक पाये। रुंधे गले से कहा कि निराश न हों, उत्तर प्रदेश सरकार आपके साथ है।

पैलानी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंधनकलां के मजरा गुरगवां स्थित केन नदी में बुधवार को सुबह तकरीबन आठ बजे कजलिया विसर्जन के दौरान तेज बहाव में आ जाने से गांव के सूर्यांश पुत्र लवलेश, विजयलक्ष्मी पुत्री रामविशाल, अंजना देवी उर्फ राखी पुत्री रामकृपाल, पुष्पेंद्र पुत्र दिनेश कुमार, विवेक उर्फ तन्नू पुत्र रामशरन कुटार्य की मौत हो गई थी।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद ने एसडीएम पैलानी शशिभूषण मिश्रा को तत्काल परिजनों को राज्य आपदा मोचक निधि से चार-चार लाख रुपये परिजनों को सहायता उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिये थे, वहीं एसडीएम ने गुरुवार को रक्षाबंधन की छुट्टी के बावजूद ट्रेजरी के माध्यम से परिजनों को चार-चार लाख रुपये उनके खातों में पहुंचाने का कार्य किया था।

शुक्रवार को जल शक्ति राज्य मंत्री ने गुरगवां गांव पहुंचकर दिवंगत बच्चों सूर्यांश की मां संगीता, विजयलक्ष्मी की मां पवन कुमारी, अंजना देवी उर्फ राखी की मां चुनुबादी, पुष्पेंद्र की मां ऊषा तथा विवेक उर्फ तन्नू की मां ममता को चार-चार लाख रुपये के चेक प्रदान किये। चेक लेते वक्त दिवंगत विवेक उर्फ तन्नू की मां ममता की आंखों से आंसू छलक पड़े। गमगीन माहौल में राज्य मंत्री भी अपनेआप को रोक नहीं पाये। रुंधे गले से कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार आपके साथ है।

वहीं राज्य मंत्री ने एसडीएम पैलानी  शशिभूषण मिश्र को विवेक उर्फ तन्नू का शव आठ घंटे बाद बुधवार की शाम को बरामद किए जाने और परिजनों के खातों में चार-चार लाख रुपये भेजे जाने पर शाबासी दी। कहा कि तहसील प्रशासन व पुलिस प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

वहीं एसडीएम पैलानी को निर्देश दिये कि नदी में डूब रही दो बच्चों को बचाने वाली गुरगवां गांव निवासी रामजीत मिश्र की पुत्री लक्ष्मी व परशुराम मिश्र की पुत्री अनन्या को जान जोखिम में डालकर दो बच्चों को बचाने पर प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाये। चेक वितरण के दौरान भाजपा नेता राकेश बाजपेई, दिनेश सिंह, शिवबली निषाद, भूपत सिंह, मुन्ना निषाद, संजय निषाद, महेश निषाद, मैयादीन सिंह गौर, उमेश सिंह चंदेल, शीरजध्वज तिवारी, दिलीप गुप्ता, रामजीत मिश्र आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार