अयोध्या: पूर्णिमा स्नान के साथ सावन झूला मेला का हुआ समापन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इस बार दो दिनों तक चला पूर्णिमा स्नान,  मंदिरों में गर्भगृह के आसन पर विराजमान हुए विग्रह

अयोध्या, अमृत विचार। सावन शुक्ल पूर्णिमा स्नान के साथ रामनगरी का ऐतिहासिक सावन झूला मेला गुरुवार को समाप्त हो गया। इस बार पूर्णिमा स्नान दो दिनों तक चला। मठ-मंदिरों में झूले पर बैठे सीताराम के विग्रह को पुन: गर्भगृह में विधि विधान के साथ विराजमान कराया गया। भारी संख्या में रामनगरी पहुंचे श्रद्धालुओं ने सरयू नदी में स्नान कर नागेश्वर नाथ, हनुमानगढ़ी, कनक भवन, राम जन्मभूमि, दशरथ महल सहित अन्य मठ मंदिरों में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया।

अयोध्या में 19 अगस्त से शुरू हुए सावन झूला मेला उत्सव पर राम जन्मभूमि सहित सभी मठ-मंदिरों में झूलनोत्सव का आयोजन बड़े ही धूमधाम से किया गया। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। इस बार सावन पूर्णिमा स्नान 30 और 31 अगस्त दो दिनों तक चला। सावन पूर्णिमा पर ब्रह्म मुहूर्त से ही सरयू नदी में स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मठ-मंदिरों में पहुंच दर्शन-पूजन भी किया।  इस दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

 

संबंधित समाचार