बरेली : सावन के बाद कैरी ने बढ़ाए अंडे के दाम
बरेली, अमृत विचार। सावन खत्म होते ही अंडे की खपत बढ़ गई है। केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान (कैरी) ने अंडों के दाम में वृद्धि कर दी है। दरअसल, सावन के चलते अंडों की बिक्री प्रभावित चल रही थी। प्रबंधन के अनुसार मुर्गी के अच्छी श्रेणी के अंडे 100 से 130 रुपये, चटके हुए अंडे 40 से 60 रुपये, बटेर के अंडे 60 से बढ़ाकर 80 रुपये प्रति किलोग्राम कर दिए गए हैं।
हालांकि, मीट पर दामों को अभी रिवाइज नहीं किया गया है। इस समय मीट 400 से 1000 रुपये तक अलग-अलग श्रेणियों में बिक रहा है। प्राइज फिक्सेशन कमेटी फॉर क्लूड लाइन पोल्ट्री की संस्तुति पर यह मूल्य वृद्धि की गई है। पोल्ट्री फार्म प्रभारी डाॅ. जयदीप रोकड़े ने बताया कि संस्थान में नए दरों पर अंडे उपलब्ध हैं।
बाजार में भी बढ़े अंडे के दाम
शहामतगंज के अंडा व्यापारी सुलेमान ने बताया कि सावन के समय अंडा 140 रुपये प्रति क्रेट के हिसाब से बिक रहा था। सावन खत्म होने पर अंडे की क्रेट 180 से 210 रुपये में बिक रही है। सराय खाम के चिकन विक्रेता आरिफ ने बताया कि चिकन के दामों में भी वृद्धि हुई है। वर्तमान में चिकन 230-250 रुपये किलो तक पहुंच गया है।
ये भी पढ़ें- बरेली: बढ़ रहे पेट की बीमारियों के मरीज, एक सप्ताह में 400 ने कराई अल्ट्रासाउंड जांच
