रामपुर: झोलाछाप के क्लीनिक पर जच्चा बच्चा की मौत, परिजनों ने किया जमकर हंगामा
सैदनगर, अमृत विचार। झोलाछाप के क्लीनिक पर जच्चा-बच्चा की मौत के बाद हंगामा हो गया। परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए क्लीनिक पर शोर शराबा किया। देर रात को हुए समझौते के बाद परिजन दोनों मृतक के शव लेकर घर चले गए। आरोपी झोलाछाप क्लीनिक बंद कर मौके से फरार हो गए।
घटना अजीमनगर थाना क्षेत्र के देवरनिया शुमाली गांव की है। गुरुवार को खिमोतिया बख्ति निवासी हरि सिंह ने अपनी पत्नी को देवरनिया शुमाली में झोलाछाप के क्लीनिक पर भर्ती कराया था। कुछ देर बाद पत्नी ने बेटी को जन्म दिया।
जन्म के आधा घंटा बाद मासूम की मौत हो गई। जबकि देर शाम को महिला की भी हालत बिगड़ने लगी। हालत बिगड़ने पर झोलाछाप घबरा गया और दूसरी जगह ले जाने की बात करने लगा। महिला के परिजनों ने गाड़ी का इंतजाम कर लिया और जाने की तैयारी करने लगे।
लेकिन कुछ देर के बाद ही महिला की मौत हो गई। झोलाछाप पर गंभीर आरोप लगाते हुए परिजनों ने जमकर हंगामा काटा। इस दौरान दोनों गांव के सम्मानित लोग मौके पर आ गए और समझने की कोशिश करने लगे। करीब 2 घंटे चली पंचायत के बाद पंचों ने दोनों का समझौता करा दिया। समझौते के बाद परिजन दोनों के शव लेकर अपने घर चले गए। परिजन जच्चा-बच्चा का शव लेकर घर पहुंचे तो कोहराम मच गया।
ये भी पढ़ें:- रामपुर : ढकिया में टैंट कारोबारी की करंट से मौत, तार ठीक कर रहा था कारोबारी
