शाहजहांपुर: चेयरमैन प्रतिनिधि समेत 14 लोगों पर हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज
चार लोगों को कराया गया नामजद और 10 अज्ञात में शामिल
खुटार, अमृत विचार। मनमाने ढंग से विकास प्रस्ताव हस्ताक्षर रजिस्टर को लेकर नाराज सदस्यों और महिला सदस्यों के पतियों की शिकायत के बाद शुक्रवार को पुलिस ने चेयरमैन प्रतिनिधि समेत चार नामजद और 8-10 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।पुलिस अब आरोपियों की तलाश कर रही है। यह कार्यवाई अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद की गई है।
नगर के मोहल्ला रायटोला निवासी नगर पंचायत सदस्य मंगल सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 29 अगस्त को नगर पंचायत में बोर्ड की बैठक में चेयरमैन ने अपनी मर्जी से अनेकों प्रस्ताव रजिस्टर पर लिख लिए थे। जबकि सभी सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया था।
आरोप है कि 29 अगस्त की रात करीब नौ बजे चेयरमैन प्रतिनिधि बताने वाले रवि सिंह ने सभी सदस्यों को आवास पर बुलाया, जहां सदस्यों से प्रस्ताव रजिस्टर पर हस्ताक्षर करने को कहा था। हस्ताक्षर करने से मना करने पर बंधक बना लिया और नगर के मोहल्ला रायटोला सदस्य मंगल सिंह के साथ जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करके अपनी गोट में लगा पिस्टल निकाल कर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया था।
गनीमत रही कि फायर मिस हो गया था। 31अगस्त को सदस्य एकत्र होकर भाजपा मंडल अध्यक्ष अरुण शुक्ला और पूर्व चेयरमैन अनुपम शुक्ला के साथ थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर कार्यवाई की मांग की थी। शुक्रवार को पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली । पुलिस उन आरोपियों की तलाश कर रही है।
तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगा-ओमप्रकाश, थानाध्यक्ष खुटार।
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: प्रशासनिक सर्वे में सिर्फ 4.50 लाख की फसलें बाढ़ से तबाह
