Kanpur: दरोगा ने कार्यकर्ता को जड़ा थप्पड़, सपाइयों ने थाने का किया घेराव, विधायक अमिताभ बाजपेई से हुई तीखी नोंकझोंक
कानपुर में सपाइयों ने कलक्टरगंज थाने का घेराव किया।
कानपुर में दरोगा ने सपा कार्यकर्ता को थप्पड़ जड़ दिया। इस पर सपाइयों ने कलक्टरगंज थाने का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान सपा विधायक अमिताभ बाजपेई की पुलिस से तीखी नोकझोंक भी हुई।
कानपुर, अमृत विचार। कलक्टरगंज पुलिस पर गश्त के दौरान सपा कार्यकर्ता का चालान करने के बाद अभद्रता और मारपीट का आरोप लगा है। पीड़ित की सूचना पर विधायक अमिताभ बाजपेई और स्थानीय नेता कार्यकर्ताओं संग मौके पर पहुंचे और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाया।
उनकी थाना प्रभारी से तीखी नोंकझोंक हुई। बाद में एसीपी निशंक शर्मा ने पुलिस कार्रवाई की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया तब जाकर मामला शांत हुआ।
शुक्रवार रात कलक्टरगंज थाना क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस ने सपा कार्यकर्ता आशुतोष चौरसिया की गाड़ी चालान कर दिया। आरोप पुलिस से बहस की तो दरोगा ने उन्हें थप्पड़ मार दिया और अभद्रता की।आरोप है कि विरोध पर फर्जी मुकदमे में जेल में डाल देने की धमकी दी। जिस पर उन्होंने सपा विधायक अमिताभ बाजपेई को सूचना दी। कुछ ही देर में विधायक मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ता की बेवजह पिटाई का कारण पूछा और नाराजगी जताई। जिस पर थाना प्रभारी राम जनम गौतम उनसे भी उलझ गए।
गुस्साए सपाइयों ने थाने पर हंगामा किया। मामले की जानकारी पर पहुंचे एसीपी निशंक शर्मा ने विधायक और सपा कार्यकर्ताओं को समझाया और मामले को जाना। विधायक ने कलक्टरगंज थाना प्रभारी और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। देर रात तक सौ से अधिक कार्यकर्ता कलक्टरगंज थाने के बाहर मौजूद रहे और दरोगा पर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस द्वारा एक युवक की गाड़ी का चालान काटने पर विरोध किया गया। पीड़ित पक्ष द्वारा पिटाई का आरोप है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।- निशंक शर्मा, एसीपी कलक्टरगंज
