बरेली: हापुड़ में हुई घटना को लेकर वकीलों में आक्रोश, सौंपा ज्ञापन 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। हापुड़ में हुई घटना को लेकर वकीलों में आक्रोश व्याप्त है। जिसके चलते बीते दिनों वकीलों ने प्रदेशव्यापी प्रदर्शन कर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपे थे। वहीं आज बरेली में बरेली बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट अरविंद कुमार और सचिव वीरेन्द्र प्रसाद ध्यानी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वकील इकट्ठा हुए और पदयात्रा करते हुए कमिश्नरी पहुंचे, जहां उन्होंने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। 

जिसमें कहा गया है कि उत्तर प्रदेश बार काउंसिल प्रयागराज के आह्वान पर बीती 30 अगस्त को जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन प्रेषित किया जा चुका है। इस ज्ञापन के माध्यम से आग्रह किया है कि महिला अधिवक्ता प्रियंका त्यागी एडवोकेट और उनके वृद्ध पिता के खिलाफ हापुड़ थाने में लिखी गई प्राथमिकी को अविलम्ब निरस्त किया जाए। 

साथ ही उनके साथ अभद्र व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों पर कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जानी चाहिए। इसके अलावा निहत्थे वकीलों पर जिस अधिकारी ने लाठीचार्ज करने का आदेश दिया, उसके खिलाफ जांच बैठाकर निलंबित या बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाए। साथ ही हापुड़ के पुलिस अधीक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई हो। 

वकीलों की मांग है कि लाठीचार्ज से घायल हुए वकीलों का शासन-प्रशासन की ओर से उचित उपचार और आर्थिक सहायता दी जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो तीन सितंबर को होने वाली वकीलों की बैठक में प्रदेशव्यापी आंदोलन को लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

ये भी पढ़ें- 

संबंधित समाचार