संभल: पेड़ के सहारे घर में घुसकर ढाई लाख की संपत्ति चोरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कैला देवी थाना क्षेत्र के गांव में हुई वारदात, बदमाश नकदी व जेवर चुराकर ले गये

संभल/सौंधन, अमृत विचार। कैला देवी थाना क्षेत्र के मुबारिकपुर गांव में बदमाशों ने पेड़ के सहारे घर में घुसकर नकदी व जेवर सहित ढाई लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। परिवार के लोग सोते रहे और बदमाश वारदात को अंजाम देकर आराम से निकल गये। शनिवार सुबह जानकारी होने पर पीड़ित किसान ने पुलिस को सूचना दी।

थाना क्षेत्र के मुबारिकपुर गांव निवासी धर्म सिंह शुक्रवार रात खेत की रखवाली करने गया था। उसका बेटा रूपकिशोर व पत्नी प्रेमलता बरामदे में सो रहे थे। परिजन के अन्य सदस्य घर के बाहर सो रहे थे। आधी रात के बाद बदमाश मकान के बराबर में खड़े युकेलिप्टिस के पेड़ पर चढ़कर धर्म सिंह के घर में घुस गये। बदमाशों ने कमरे का दरवाजा खोलने के बाद अंदर रखी संदूकों को खोल लिया।

 इसके बाद बदमाश सोने का टीका, कंठी, मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, चूड़ी, चांदी का कुल्हा, पाजेब व 21,000 रुपए सहित ढाई लाख का माल समेट कर ले गये। शनिवार सुबह रूपकिशोर व अन्य परिजन को कमरे में सामान बिखरा देख चोरी का पता चला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी ने बताया कि अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।

ये भी पढ़ें:- Afghanistan: खुफिया सूचना के आधार पर अफगान पुलिस ने चलाया अभियान, ड्रग प्रयोगशालाओं को किया नष्ट

संबंधित समाचार