बरेली: संदिग्ध हालात में बुजुर्ग की मौत, हत्या की आशंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अपने भाई के घर पर गए थे विश्वनाथ, पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं

बरेली, अमृत विचार। भाई के घर गए बुजुर्ग की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इसके बाद भाई उनके शव को लेकर बेटे के घर पहुंच गए और जल्द अंतिम संस्कार का दबाव बनाने लगे। बेटे ने हत्या की आशंका जताते हुए पिता के शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण पुष्ट नहीं हो सका है। जहर की आशंका के चलते विसरा सुरक्षित किया गया है।

इज्जतनगर के कृष्णानगर निवासी मुकेश ने बताया कि तीन दिन पहले उनके पिता विश्वनाथ (65) संजयनगर में अपने भाई प्रेमनाथ उर्फ पप्पू के घर पर गए थे। शुक्रवार शाम प्रेमनाथ उनके घर पर पिता का शव लेकर पहुंचे और कहा कि इनकी मौत हो गई है। इनका अंतिम संस्कार जल्दी कर दो।

मुकेश ने बताया कि जब उनके चाचा प्रेमनाथ ने अंतिम संस्कार जल्दी करने का दबाव बनाया तो उन्हें पिता की मौत पर शक हुआ। तब मुकेश ने पोस्टमार्टम कराने के लिए इज्जतनगर पुलिस को शिकायती पत्र देते हुए पोस्टमार्टम कराने की मांग की। इंस्पेक्टर इज्जतनगर अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है, मामले में जांच की जा रही है।

जमीन की वजह से हो सकती है हत्या
मुकेश ने बताया कि उनके पिता विश्वनाथ मीरगंज थाना क्षेत्र के चुरई गांव के रहने वाले थे। गांव में विश्वनाथ के नाम पर करीब आठ बीघा जमीन और एक मकान है। मुकेश ने बताया कि वह अपने पिता के अकेले बेटे हैं। जमीन और मकान पर उनके पिता के भाइयों की नजर है। मुकेश ने आशंका जताई है कि उनके पिता की हत्या जमीन के लिए की जा सकती है।

यह भी पढ़ें- बरेली: बच्चा चारपाई से गिरने पर पति ने पीटा तो महिला ने दी जान, परिजन ने लगाया हत्या का आरोप

संबंधित समाचार