प्रतापगढ़: मांधाता में प्रतियोगी छात्र समेत आठ डेंगू पॉजिटिव, हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रतापगढ़। मानधाता में प्रतियोगी छात्र समेत आठ लोग डेंगू पॉजीटिव मिले हैं। सभी का पीएचसी मानधाता में इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने एंटी लार्वा, एंटी मलेरिया का छिड़काव कराया। मानधाता पीएचसी में डेंगू के आठ नए केस मिले हैं। शनिवार को मानधाता निवासी 25 वर्षीय प्रतियोगी छात्र बुखार का इलाज कराने पहुंचा तो जांच में उसकी रिपोर्ट डेंगू पॉजीटिव आई तो अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। 

इसके अलावा मानधाता के कटाता निवासी आशा कार्यकर्ता का 22 वर्षीय बेटा, सराय हरिनारायण निवासी 27 वर्षीय युवक,सराय मेदीराय  निवासी 25 वर्षीय व 30 वर्षीय युवक, दानपुर भदोही निवासी 20 वर्षीय युवक,मानधाता कस्बे का दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी कर रहा 26 वर्षीय युवक, प्रयागराज में रहकर पढ़ाई कर रहे मानधाता के एक 20 वर्षीय युवक की रिपोर्ट डेंगू पॉजीटिव आई। 

डेंगू पॉजीटिव की रिपोर्ट मिलने के बाद डा. सुरेश चंद्र यादव की देखरेख में सभी मरीजों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। दूसरी ओर डेंगू के एक साथ आठ केस मिलने पर स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। विभाग तुरन्त हरकत में आ गया। डेंगू पॉजिटिव मिलने वाले स्थानों पर एंटी लार्वा और एंटी मलेरिया का छिड़काव कराया गया। 

आठ मरीजों की रिपोर्ट डेंगू पॉजीटिव आई है। एक को छोड़कर सभी मरीज बाहर से आए हैं। पीएचसी में सभी को भर्ती किया गया है। एंटी लार्वा व एंटी मलेरिया का छिड़काव किया गया,कुछ जगहों पर कल किया जाएगा। डेंगू बुखार के लक्षणों और बचाव के बारे भी जागरूक किया जा रहा हैं... डा.सुरेश चंद्र यादव, प्रभारी चिकित्साधिकारी पीएचसी मानधाता

डेंगू से घबराएं नहीं,बरतें सावधानी
पीएचसी मानधाता के चिकित्सक डा. सुरेश चंद्र यादव ने बताया कि डेंगू साधारण बुखार की तरह ही है। इससे घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि सावधानी जरूरी है। इसी से बचाव संभव है। डेंगू का मच्छर साफ पानी में पनपता है। इसलिए बाल्टी, ड्रम एवं कूलर का पानी नियमित बदलें। घर के आसपास की सफाई रखें। कहीं भी जल जमाव न होने दें। इसका मच्छर सुबह-शाम ही काटता है, इसलिए पूरी बांह के कपड़े पहनकर रहें। अगर तीन-चार दिन तक तेज बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द और कमजोरी महसूस करें तो सरकारी अस्पताल के डाक्टरों को तुंरत दिखाएं, जहां डेंगू की जांच एवं इलाज की मुफ्त व्यवस्था है।

संबंधित समाचार