बांग्लादेश में डेंगू से 21 और लोगों की मौत, अब तक 618 लोगों की गई जान
ढाका। बांग्लादेश में पिछले 24 घंटों के दौरान 21 और लोगों की मौत हुई है और इसके साथ ही यहां अब तक इस वर्ष संक्रामक बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 618 हो गयी है। बांग्लादेश के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) के अनुसार इस अवधि के दौरान 2,352 अधिक रोगियों को वायरल बुखार के उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। नए रोगियों में से 982 को ढाका के अस्पतालों में और बाकी को राजधानी के बाहर भर्ती कराया गया है।
राजधानी ढाका में 3,903 सहित कुल 8,632 डेंगू मरीज अब देश भर के विभिन्न अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। डीजीएचएस ने इस साल अब तक 127,694 डेंगू मामले और 118,444 रिकवरी दर्ज की है। इस बीच संयुक्त राष्ट्र विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने बांग्लादेश में डेंगू के मामले बढ़ने पर त्वरित कार्रवाई का आग्रह किया है। डब्ल्यूएचओ ने कहा, “डेंगू के मामले उच्च तापमान और उच्च आर्द्रता के साथ संयुक्त रूप से असामान्य बारिश के कारण सामने आ रहे हैं, जिससे इसके कारण पूरे बंगलादेश में मच्छरों की आबादी में वृद्धि हुई है।''
क्यूबा में डेंगू की रोकथाम के लिए अभियान
हवाना। क्यूबा में डेंगू की रोकथाम और नियंत्रण को बढ़ाने के लिए देश के 15 प्रांतों में अभियान जारी है। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार क्यूबा के ग्वांतानामो, पिनार डेल रियो, सिएगो डी अविला और सैंक्टी स्पिरिटस प्रांतों में हाल ही में डेंगू के मामलों में वृद्धि देखी गई है। क्यूबा के प्रधानमंत्री मैनुअल मारेरो ने लोगों से डेंगू के लक्षण दिखने पर डॉक्टरों को दिखाने का आग्रह किया है। क्यूबा के स्वास्थ्य मंत्री जोस एंजेल पोर्टल मिरांडा ने कहा कि डेंगू एक वैश्विक खतरा है जो सभी आयु समूहों को नकारात्मक रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने एक्स पर कहा, यह वायरस हमारे देश में मौजूद है। हर साल बड़ी संख्या में डेंगू के मामले सामने आते हैं, इसलिए निवारक उपायों को अपनाने का महत्व है। क्यूबा के बायोफार्मास्युटिकल अधिकारियों के अनुसार, क्यूबा के वैज्ञानिक डेंगू का टीका विकसित करने में लगे हुए हैं, जो साल के अंत तक तैयार होने की उम्मीद है ।
ताइवान के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार टेरी गौ ने दिया फॉक्सकॉन के बोर्ड से इस्तीफा
बीजिंग। ताइवन में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार टेरी गौ ने फॉक्सकॉन के बोर्ड से इस्तीफा दे दिया है। ‘एप्पल’ को आईफोन की आपूर्ति करने वाली इस कंपनी की स्थापना उन्होंने लगभग 50 साल पहले की थी। आधिकारिक तौर पर होन हाई प्रीसिजन इंडस्ट्री कंपनी लिमिटेड नाम से पंजीकृत कंपनी ने शनिवार देर रात एक विज्ञत्ति जारी कर कहा कि इसके पूर्व अध्यक्ष टेरी गौ ने व्यक्तिगत कारणों से इस्तीफा दे दिया है।
यह अभी स्पष्ट नहीं है कि गौ के फैसले से फॉक्सकॉन के संचालन पर तत्काल क्या प्रभाव पड़ेगा। यह कंपनी 2023 फॉर्च्यून ग्लोबल 500 में 20वें स्थान रही थी और इसे दुनिया की सबसे बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनियों में से एक माना जाता है। यूं तो कंपनी का मुख्यालय ताइवान में है, लेकिन विनिर्माण का बड़ा काम चीन में होता है जहां एक बड़ी फैक्टरी में हजारों कर्मचारी आईफोन बनाते हैं। हालांकि, कई बार कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच मतभेद की खबरें भी सामने आती रही हैं। टेरी गौ ने 28 अगस्त को ताइवान के राष्ट्रपति पद के लिए एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने की घोषणा की थी।
ये भी पढ़ें : Pakistan : कार्यवाहक पीएम Anwar ul Haq Kakar ने नौ मई की हिंसा को दिया 'तख्तापलट का प्रयास' करार
