मथुरा: इस बार श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर दिखेगी चंद्रयान-3 की झलक, 'प्रज्ञान-प्रभास' की पोशाक में दिखेंगे ठाकुरजी
मथुरा। भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि के दिन इस बार सात सितंबर (गुरुवार) की रात को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाने के लिए मथुरा में बड़े पैमाने पर तैयारियां जारी हैं। इस साल भगवान श्रीकृष्ण के 5250वें जन्मोत्सव के अवसर पर जन्मस्थान की साज-सज्जा, ठाकुरजी की पोशाक और श्रृंगार आदि पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। श्रीकृष्ण जन्मस्थान को चंद्रयान-3 थीम पर सजाने की तैयारी है। जन्म होते ही लल्ला को उनके भक्त लैंडर और रोवर पोशाक में देख पाएंगे।
ठाकुरजी का अभिषेक
इसके बाद कामधेनु गाय जोकि सोने-चांदी से निर्मित 100 किग्रा की होंगी लल्ला का अभिषेक हरिद्वार के गंगाजल व गोमाता के दूध से करेंगी। अजन्मे के स्वागत में एक फूल बंगला सजाया जाएगा जिसका नाम इसरो चीफ एस सोमनाथ के नाम पर ही रखा जाना है। चंद्रमा और प्रज्ञान का कटआउट भागवत भवन के द्वार पर लगा दिया जाएगा।
ठाकुरजी की पोशाक का नाम- प्रज्ञान-प्रभास
ठाकुरजी की पोशाक का नाम दिया गया है ''प्रज्ञान-प्रभास''। वहीं पांच पोशाक भी बनाई गई हैं जिनमें से एक राधा-कृष्ण की बड़ी पोशाक को तैयार करने में हेमंत मुकुट व उनके 30-35 कारीगर जुटे हुए हैं। साथ ही गर्भगृह और युगमाया की पोशाके भी बनाई जा रही है। आने वाले सात सितंबर की रात को 12 बजे भगवान के प्राकट्य के साथ ही पूरे मंदिर परिसर में उत्सव होगा।
ये भी पढ़ें- मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के लिए व्यापक तैयारियां, सुरक्षा के मुकम्मल इंतजाम
