Fatehpur News: वृद्ध ने खुद को गोली से उड़ाया, तेज आवाज सुन कमरे में पहुंचे परिजन, नजारा देख रह गए दंग
फतेहपुर में बीमारी से पीड़ित वृद्ध ने लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
फतेहपुर में बीमारी से पीड़ित वृद्ध ने लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
फतेहपुर, अमृत विचार। गंभीर बीमारी से ग्रसित एक बुजुर्ग व्यक्ति ने रविवार को लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बुजुर्ग की मौत से परिजनों में कोहराम मचा रहा। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ करते हुए शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के मवईया गांव निवासी राम आसरे अवस्थी (70) गांव में खेती किसानी का काम देखते थे। मृतक के बेटे शिवकिशन ने बताया कि वह लंबे समय से ब्रेन ट्यूमर की बीमारी से ग्रसित चल रहे थे। वह अपना इलाज कानपुर में करा रहे थे। लेकिन उन्हें राहत नहीं मिल रही थी। शनिवार को भी वह इलाज कराने कानपुर गए थे। जहां से शाम को घर लौटे थे और खाना खाकर सभी से बात कर सो गए थे।
वह शाम को ही अपनी बीमारी को लेकर काफी परेशान थे। रविवार सुबह उन्होंने कमरे से निकलकर चाय भी पी और इसके बाद कमरे में चले गए थे। कुछ देर बाद अचानक गोली चलने की आवाज आई तो परिजन दौड़कर कमरे में पहुंचे। जहां रामआसरे खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे। वहीं उनके पास उनकी लाइसेंसी बंदूक पड़ी थी।
चीख पुकार सुनकर ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ बिन्दकी सुशील कुमार दुबे ने बताया कि बीमारी से ग्रस्त बुजुर्ग ने खुद को गोली मारकर खुदकुशी की है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
