अखिलेश यादव को BJP पर हमला, कहा- भाजपा का चरित्र षडयंत्रकारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा का चरित्र षड्यंत्रकारी है। प्रलोभन से वह अपनी सत्ता की भूख पूरी करना चाहती है। लूट और भ्रष्टाचार का बोलबाला है और कानून का राज चौपट है। वन ट्रिलियन डॉलर का झूठ फैलाकर जनता को झांसा दिया जा रहा है। भाजपा की इन चालों से सतर्क रहना है।

अखिलेश ने आज यहां प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में एकत्र कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि सन् 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा का सत्ता से बाहर हो जाना तय है। जनता समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना चाहती है। समाजवादी पार्टी के साथ जनता है और जनता का सम्मान समाजवादी पार्टी और सरकार में ही सुरक्षित है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने बिजली बनाई, भाजपा ने बिजली महंगी की और लोगों को धोखा दिया। भाजपा ने मंडी नहीं बनाई। अस्पतालों में दवा नहीं है। भाजपा सरकार में उद्योग नहीं लगे। विकास कुछ हुआ नहीं अपराधी बेलगाम हैं। भाजपा सरकार में महिलाओं का सम्मान नहीं है। सांड़ों के हमलों से राज्य में प्रतिदिन लोगों की जानें जा रही है।

भाजपा सरकार की नीयत में विकास कार्य करना नहीं है। अगर कोई जनप्रतिनिधि जनसहयोग से कुछ विकास करना चाहे तो उसकी जांच होने लगती है। अपने विपक्षियों को डराने और फर्जी केसों में फंसाने के लिए ईडी, सीबीआई पीछे लगा दी जाती है। जनता अब इस अत्याचारी भाजपा सरकार से छुटकारा पाना चाहती है। लोग सन् 2024 में भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएंगे और उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के सभी प्रत्याशियों को जीत दिलाएंगे।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा ने कहा कि भाजपा को हराने के लिए बूथ स्तर तक समाजवादी पार्टी को मजबूती देने के लिए कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी अभी से जुट जाएं। मतदाता सूची पर निगाह रखे। जनता को बताएं कि 10 साल में भाजपा सरकार ने कोई काम नहीं किया। सन् 2024 के लोकसभा चुनाव में सभी 80 सीटों पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को जिताने का लक्ष्य लेकर चलना है।

इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा, राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, पूर्व सांसद ऊषा वर्मा, पूर्व मंत्री आर.के. चौधरी, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समाजवादी युवजन सभा विकास यादव, आसिफ बब्बू, अनिल वर्मा, राजेश्वरी देवी पूर्व विधायकगण आदि नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।

यह भी पढ़ें:-घोसी उपचुनाव: अखिलेश यादव ने मतदाताओं से अपील- भाजपा को हराओ...

संबंधित समाचार