कानपुर: बेइज्जती कर भगाने पर भाजपाइयों ने थाने में धरना देकर किया हंगामा
कानपुर, अमृत विचार। रविवार को रेलबाजार थाने में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ धरना देकर जमकर हंगामा काटा। भाजपाईयों ने आरोप लगाया कि कार्यकर्ता के साथ हुई मारपीट की शिकायत करने पर पुलिस ने बेइज्जत कर भगा दिया था। जिसके बाद उन लोगों को पुलिस के खिलाफ थाने का घेराव करना पड़ा। इस मामले की जानकारी मिलते ही एसीपी कैंट मौके पर पहुंचे और मामले की एफआईआर दर्ज कराकर कार्यकर्ताओं को समझा बुझाकर शांत करया। इसके बाद धरना समाप्त किया गया।
मीरपुर कैंट इलाके के रहने वाले अभिषेक तिवारी भाजपा कार्यकर्ता हैं। दो दिन पहले अभिषेक का इलाके में रहने वाले जोजो नाम के युवक से झगड़ा हो गया था। जोजो ने अभिषेक के साथ मारपीट की और मौके से भाग निकला था। अभिषेक ने थाने पर जोजो के खिलाफ तहरीर दी और एफआईआर दर्ज करने को कहा। थाना प्रभारी ने मामले में रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया और घायल अभिषेक को मेडिकल के लिए भेजने लगे।
रेलबाजार पुलिस ने दावा किया कि अभिषेक के नशे में होने के चलते मेडिकल कराने से इंकार कर दिया। थाने में लिखित दिया कि वह अब मामले में कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं। रविवार को अभिषेक ने मारपीट के अलावा जान से मारने की धमकी समेत अन्य धाराओं को बढ़ाकर नई तहरीर दे दी। इस संबंध में रेलबाजार थाना प्रभारी विजय दर्शन ने बढ़ाचढ़ा कर लिखी गई तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करने से इंकार कर दिया।
इससे आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ रेलबाजार थाने पहुंची और धरना देकर हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे और जुआ सट्टा खिलाने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। उनका आरोप था कि कार्यकर्ता को पुलिस ने बेइज्जत कर भगा दिया था।
इस दौरान जैसे ही मामले की जानकारी एसीपी कैंट बृजनारायण सिंह को हुई तो वह मौके पर पहुंच गए। भाजपा कार्यकर्ताओं को एफआईआर दर्ज करने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। एसीपी ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता अभिषेक तिवारी की तहरीर पर जोजो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
ये भी पढे़ं- लखीमपुर-खीरी: ससुरालीजनों की पिटाई से आहत युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
